August 7, 2026
7 aug 14
  • सीएम सैनी करेंगे हाफ मैराथन का शुभारंभ, विधायक की लोगों से अपील

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  महेंद्रगढ़ में विधायक कंवर सिंह यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 9 अगस्त को नारनौल से हाफ मैराथन को हरी झंडी दिखाएंगे। यह मैराथन सुबह 6 बजे नूनी शेखपुरा मोड़ से शुरू होगी, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करना है।

विधायक यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का लक्ष्य हरियाणा को नशा मुक्त बनाना है, ताकि युवाओं को सही दिशा देकर उनके भविष्य को संवारा जा सके। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं, और उन्हें सही राह दिखाने के उद्देश्य से प्रदेश भर में नशामुक्ति मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 9 अगस्त को सुबह 6 बजे मुख्यमंत्री नूनी शेखपुरा मोड़ से 5 और 10 किलोमीटर की मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

लोगों से हाफ मैराथ में शामिल होने की अपील

विधायक कंवर सिंह यादव शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने महेंद्रगढ़ के निवासियों से अपील की, कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस हाफ मैराथन में शामिल हों, ताकि प्रदेश सरकार के नशा मुक्ति अभियान के प्रति हर व्यक्ति को जागरूक किया जा सके।

17 किलोमीटर लंबी नई पाइपलाइन बिछेगी

शहर के विकास से जुड़े एक सवाल के जवाब में विधायक ने बताया कि महेंद्रगढ़ शहर में पेयजल आपूर्ति के लिए 17 किलोमीटर लंबी नई पाइपलाइन बिछाई जाएंगी। इसके बाद शहर की सड़कों की मरम्मत का कार्य भी शुरू होगा। शहर से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 148बी का भी लाइटें लगाकर सौंदर्यीकरण किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में दोहन नदी की तर्ज पर डुलाना और देवास रोड पर नहरी और बरसाती पानी का संग्रहण किया जाएगा।

इसी तरह, केंद्रीय विश्वविद्यालय में भी 80 एकड़ का बांध बनाकर जल संग्रहण किया जाएगा, जिससे इन क्षेत्रों में भूजल स्तर में सुधार होगा।

व्यवस्थाओं में परिवर्तन लाने का प्रयास

विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में रोजगार, खेल, शिक्षा, चिकित्सा सहित मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देकर व्यवस्था में परिवर्तन लाने का प्रयास किया है। सकारात्मक परिणाम प्रदेश में दिखाई में देने लगे है। एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि बेसहारा पशुओं के स्थायी समाधान के लिए पुख्ता प्रबंध किये जाएंगे। सरकार द्वारा भोजावास में 200 एकड़ भूमि पर गो अभ्यारण केंद्र भी बनाया जाएगा।