November 6, 2026
6 nov 1
  • 14 नवंबर तक बारिश के नहीं आसार

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा में प्रदूषण गंभीर स्थिति तक अब पहुंच गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक हरियाणा में हवा की गुणवत्ता चिंताजनक स्तर पर पहुंच चुकी है।

मानेसर के पास स्थित पंचगांव 406 AQI के साथ न केवल हरियाणा का सबसे प्रदूषित क्षेत्र बना है, बल्कि पूरे देश में उत्तर प्रदेश के गजरौला (407 AQI) के बाद दूसरे नंबर पर आ गया है।

पंचगांव देश के उन चुनिंदा दो स्थानों में शामिल है, जहां हवा सीवियर (गंभीर) श्रेणी में दर्ज की गई है। इसके अलावा राज्य के प्रमुख औद्योगिक और एनसीआर (NCR) क्षेत्रों में हालात बेहद खराब हैं।

बहादुरगढ़ (342), मानेसर (343), गुरुग्राम (331), हिसार (327), बल्लभगढ़ (316) और फरीदाबाद (303) जैसे शहरों में हवा बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है। हवा को जहरीली बनाने में मुख्य रूप से धूल और धुएं के सूक्ष्म कण जिम्मेदार हैं।

 

हरियाणा में प्रदूषण को लेकर 5 बड़े अपडेट्स…

देश में दूसरे नंबर पर पंचगांव: CPCB के बुलेटिन के अनुसार पंचगांव में 24 घंटे का औसतन AQI 406 दर्ज किया गया, जो स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद खतरनाक श्रेणी में आता है।

एनसीआर के 6 शहर बहुत खराब जोन में: गुरुग्राम, फरीदाबाद, बहादुरगढ़, मानेसर, हिसार और चरखी दादरी में हवा का स्तर 300 के पार पहुंच चुका है।

मध्यम और खराब हवा वाले शहर: रोहतक (294), कुरुक्षेत्र (289), सोनीपत (277), जींद (268) और अंबाला (271) में हवा ‘खराब’ श्रेणी में बनी हुई है।

पंचकूला और पलवल में थोड़ी राहत: राज्य भर में धुंध के बीच केवल पंचकूला (AQI 68) और पलवल (AQI 98) में ही हवा ‘संतोषजनक’ श्रेणी में दर्ज हुई है।

 

पराली के केस कम, फिर भी हवा जहरीली

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, प्रदेश में उत्तर-पश्चिमी हवाएं हल्की गति से चलीं और रात का तापमान कम रहा। इससे धुआं और धूल के कण वातावरण की नमी में मिल गए, जिसके कारण राज्य में कहीं-कहीं स्मॉग की स्थिति बनी हुई है।

 

10 नवंबर तक मौसम खुश्क रहने की संभावना

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, हरियाणा में 10 नवंबर तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है। शुक्रवार को राज्य में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन इसके बाद मौसम साफ रहेगा।

इस दौरान उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलने की संभावना है। इससे रात के तापमान में हल्की गिरावट और दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, मौसम विभाग ने 14 नवंबर को बारिश की उम्मीद जताई है, जिससे प्रदूषण से राहत मिलने की संभावना है।