- 40 किलो वजन, रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : यमुनानगर के छछरौली ब्लॉक के तिहाणो गांव में खेत में 13 फीट लंबा और करीब 40 किलोग्राम वजनी अजगर मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। खेत में गए एक ग्रामीण को दूर से अजगर पॉलिथीन जैसा दिखाई दिया। नजदीक पहुंचने पर उसकी असलियत का पता चला तो वह घबरा गया।
ग्रामीण ने तुरंत अन्य लोगों और डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और वाइल्ड लाइफ विभाग की टीम को बुलाया गया। टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया।
इसके बाद अजगर को जंगल में छोड़ दिया गया। वन्यजीव विभाग के कर्मचारी के अनुसार, पिछले करीब तीन महीने में उनकी टीम 21 अजगरों का रेस्क्यू कर चुकी है।
दूर से पॉलिथीन समझा, पास जाने पर दिखा अजगर
ग्रामीण मुकेश ने बताया कि वह किसी काम से खेत की ओर गया था। धान की फसल कटने के बाद खाली पड़े खेत में उसे दूर से कुछ हिलता हुआ दिखाई दिया। पहले उसे लगा कि वहां कोई बड़ा पॉलिथीन पड़ा है, लेकिन नजदीक पहुंचने पर विशाल अजगर दिखाई दिया।
वह घबरा गया और तुरंत ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद डायल 112 पर सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और वाइल्ड लाइफ विभाग को बुलाया।
एक घंटे की मशक्कत के बाद किया रेस्क्यू
सूचना मिलने पर वाइल्ड लाइफ विभाग के कर्मचारी मोहित अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने सावधानी बरतते हुए करीब एक घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया और अजगर को काबू कर लिया। इसके बाद उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।
मुकेश के अनुसार, धान की फसल कटने के बाद खेत खाली हो गए हैं। ऐसे में शिकार की तलाश में छिपे रहने वाले सांप और अजगर अब दिखाई देने लगे हैं। इसलिए खेतों में आने-जाने वाले ग्रामीणों को सतर्क रहने की जरूरत है।
तीन महीने में 21 अजगरों का रेस्क्यू
वाइल्ड लाइफ टीम के सदस्य मोहित ने बताया कि अजगर अक्सर शिकार की तलाश में जंगल से बाहर निकल आते हैं। ये जहरीले नहीं होते, लेकिन शिकार को शरीर में जकड़कर उसका दम घोंट देते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले करीब तीन महीने में वह 21 अजगरों का रेस्क्यू कर चुके हैं। इस अजगर को भी सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया है।