- सोनीपत CIA ने तस्कर दबोचा
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : सोनीपत के गोहाना में शराब तस्करी के लिए तस्कर ने मारुति ईको गाड़ी को ही एंबुलेंस बना दिया। गाड़ी के आगे और पीछे एंबुलेंस लिखवाकर उसमें मरीजों की जगह अंग्रेजी शराब की पेटियां भरकर चंडीगढ़ से गांव तक सप्लाई की जा रही थी।
हालांकि, गोहाना CIA ने गुप्त सूचना के आधार पर गोहाना-गामड़ी रोड पर आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने कथित एंबुलेंस से अंग्रेजी शराब की 92 पेटियां बरामद की हैं। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
एंबुलेंस को बनाया तस्करी का जरिया
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी प्रदीप उर्फ भक्ता गांव बजाना गन्नौर का रहने वाला है। आरोपी ने शराब तस्कर आरोपी ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए एक अलग ही तरीका अपनाया हुआ था। उसने मारुति ईको गाड़ी को एंबुलेंस का रूप दे रखा था। गाड़ी के आगे और पीछे एंबुलेंस लिखवाया हुआ था, ताकि सड़क पर चलते समय किसी को उस पर शक न हो।
इसी आड़ में आरोपी शराब की बड़ी खेप एक जगह से दूसरी जगह पहुंचा रहा था। जिस गाड़ी का इस्तेमाल आमतौर पर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए किया जाता है, उसी को शराब तस्करी का जरिया बना लिया गया।
चंडीगढ़ से गांव जा रहा था आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी प्रदीप उर्फ भक्ता चंडीगढ़ से अंग्रेजी शराब लेकर अपने गांव की तरफ जा रहा था। उसने मारुति ईको को एंबुलेंस की तरह तैयार कर रखा था और उसमें एक ब्रांड की अंग्रेजी शराब की पेटियां भरी हुई थीं।
आरोपी को उम्मीद थी कि एंबुलेंस देखकर रास्ते में पुलिस उस पर ज्यादा शक नहीं करेगी और वह आसानी से शराब की खेप अपने ठिकाने तक पहुंचा देगा।
CIA ने सूचना के आधार पर दबोचा
गोहाना CIA की टीम को आरोपी की गतिविधियों और शराब तस्करी के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने गोहाना से गामड़ी रोड पर नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान संदिग्ध एंबुलेंस वहां पहुंची तो पुलिस ने उसे रुकवाकर जांच की।
गाड़ी की तलाशी लेने पर पुलिस को अंदर अंग्रेजी शराब की पेटियां मिलीं। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया। गिनती करने पर गाड़ी से अंग्रेजी शराब की कुल 92 पेटियां बरामद हुईं।
पूछताछ में दूसरे व्यक्ति का नाम आया सामने
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने शराब तस्करी के इस काम में एक अन्य व्यक्ति का नाम भी बताया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चंडीगढ़ से शराब कौन उपलब्ध करवाता था और गांव तक पहुंचाने के बाद इसकी सप्लाई किन लोगों को की जानी थी।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी पहले भी इसी तरीके से शराब की तस्करी कर चुका है या नहीं। साथ ही, इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी पुलिस
गोहाना CIA ने आरोपी प्रदीप उर्फ भक्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी में है, ताकि पूछताछ के दौरान शराब की सप्लाई के स्रोत, खरीदारों और उसके अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस का फोकस इस पूरे नेटवर्क का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने पर है।