November 13, 2026
13 nov 16
  • 20 तस्करों के घर खंगाले

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  कैथल में गुहला से पूर्व भाजपा विधायक के गांव कल्लर माजरा में पुलिस ने संदिग्ध नशा तस्करों के ठिकानों पर रेड की। पुलिस की टीमें शुक्रवार को गांव कल्लर माजरा में पहुंची और छापेमारी करते हुए तस्करों के 20 घरों को पूरी तरह से खंगाला।

डीएसपी गुहला हरदीप सिंह के नेतृत्व में एसएचओ चीका इंस्पेक्टर रमेश चंद्र तथा सीआईए गुहला की टीमें रेड में शामिल रहीं।

100 पुलिसकर्मियों के साथ पहुंचे डीएसपी

इस दौरान स्निफर डॉग की सहायता से पुलिस की 10 टीमों में शामिल करीब 100 पुलिस कर्मचारियों ने गांव में संदिग्ध नशा तस्करों के करीब 20 घरों सहित अन्य स्थानों को खंगाला। पुलिस को गांव में नशा तस्करी होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीमों द्वारा छानबीन की गई कि कहीं किसी स्थान पर मादक पदार्थ छुपाकर तो नहीं रखे गए हैं अथवा कोई व्यक्ति गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त तो नहीं है।

डीएसपी बोले- नशा तस्करों पर शिकंजा कसना मकसद

डीएसपी गुहला हरदीप सिंह ने कहा कि इस रेड का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना, नशा तस्करों व अपराधियों पर शिकंजा कसना तथा उनके मन में कानून का भय पैदा करना रहा। कैथल पुलिस का लक्ष्य पूरे जिले को नशा मुक्त बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस को सूचना देने की अपील

उन्होंने बताया कि कैथल पुलिस द्वारा वर्ष 2026 के दौरान अब तक नशा तस्करी के 195 मामलों में 313 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

बता दें कि गांव कल्लर माजरा में भी पहले कई नशा तस्करों पर केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस द्वारा अपील की गई कि नशा बेचने वाले या अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार की रेड की जाएंगी।