November 13, 2026
13 nov 14
  • सिरसा में सबसे ज्यादा 88.19% व महेन्द्रगढ़ में सबसे कम 50% उत्तीर्ण

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) द्वारा अक्टूबर-2026 में आयोजित करवाई गई सीनियर सेकेंडरी (12वीं) शैक्षिक व मुक्त विद्यालय पूरक परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। यह परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर आज से देखा जा सकता है। परीक्षार्थी अपना परिणाम अनुक्रमांक अथवा नाम/पिता/माता का नाम/जन्म तिथि के आधार पर बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर देख व डाउनलोड कर सकते हैं।

शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डॉ. शंकर लाल धूपड़ एवं सचिव दीपक बाबूलाल करवा ने बताया कि सीनियर सेकेंडरी शैक्षिक पूरक परीक्षा का परिणाम 68.32 प्रतिशत रहा। इस परीक्षा में 7219 परीक्षार्थी प्रविष्ट हुए थे, जिनमें से 4932 उत्तीर्ण हुए तथा 2044 परीक्षार्थियों की कंपार्टमेंट आई है।

उन्होंने बताया कि परीक्षा में 4903 छात्रों ने भाग लिया, जिसमें 68.77 पास प्रतिशतता के साथ 3372 छात्र पास हुए। इसके अतिरिक्त परीक्षा में प्रविष्ट हुई 2316 छात्राओं में से 67.36 पास प्रतिशतता के साथ 1560 छात्राएं पास हुई। इस परीक्षा में जिला सिरसा 88.19 पास प्रतिशतता के साथ प्रथम स्थान पर तथा जिला महेन्द्रगढ़ 50 पास प्रतिशतता के साथ सबसे निचले पायदान पर रहा।

पूरक परीक्षाओं का परीणाम 52.10 प्रतिशत रहा

उन्होंने बताया कि इसी प्रकार सीनियर सेंकेडरी मुक्त विद्यालय पूरक परीक्षा का परिणाम 52.10 प्रतिशत रहा है। इस परीक्षा में प्रविष्ट हुए 12864 परीक्षार्थियों में से 6702 उत्तीर्ण हुए तथा 6162 परीक्षार्थियों की रि-अपीयर आई है। उन्होंने बताया कि परीक्षा में भाग लेने वाले 8517 छात्रों में से 4262 छात्र पास हुए, जिनकी पास प्रतिशतता 50.04 रही। इसके अतिरिक्त 4347 छात्राओं मे से 2440 छात्राएं पास हुई, जिनकी पास प्रतिशतता 56.13 रही। इस परीक्षा में जिला पंचकुला 71.83 पास प्रतिशतता के साथ प्रथम स्थान पर तथा जिला चरखी-दादरी 27.91 के साथ सबसे निचले पायदान पर रहा।

उन्होंने बताया कि परीक्षार्थी परिणाम घोषित होने की तिथि से 20 दिन तक अपनी उत्तरपुस्तिका की पुन:जांच/पुनर्मूल्यांकन हेतु निर्धारित शुल्क सहित बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।