August 5, 2026
5 aug 21
  •  दोपहर फंदे पर लटकी मिली, नैपकिन पर लिखा- I’M Not Well

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के कुरुक्षेत्र में पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के SDO की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर में पंखे से लटका मिला। वह सुबह ही मायके से ससुराल आई थी। दोपहर को पति ने उसका शव कमरे में लटका देखा। इसके बाद सूचना देकर पुलिस बुलाई गई।

पुलिस को मौके से बेड पर कुर्सी रखी मिली, जिसके बराबर में शव लटका हुआ था। पुलिस को एक नैपकिन मिला, जिस पर लिखा था- I M NOT WELL, SORRY (मैं ठीक नहीं हूं, सॉरी)। पुलिस ने इस नैपकिन को भी कब्जे में ले लिया।

उधर, सूचना मिलते ही मृतका के मायके वाले भी पहुंच गए। उन्होंने बताया कि शादी को अभी 8 महीने ही हुए थे। बेटी के पति पर दहेज के लिए टॉर्चर करने, दूसरी महिला से संबंध रखने के आरोप लगाए। कहा, पूरी प्लानिंग से यह हत्या की गई है। दामाद ने 2-3 महीने पहले अपने माता-पिता को ऑस्ट्रेलिया भेज दिया था।

हालांकि, ससुराल पक्ष ने इन आरोप को बेबुनियाद बताया है। फिलहाल, पुलिस ने पति, सास-ससुर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। नैपकिन पर हैंडराइटिंग की जांच करने की भी तैयारी शुरू कर दी है।

एमए-बीएड तक पढ़ी, नवंबर 2025 को हुई थी अरेंज मैरिज 

मृतक युवती की पहचान सेक्टर-8 निवासी 27 वर्षीय काजल के रूप में हुई। पिता हरपाल सिंह निवासी मोहन नगर ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी काजल की शादी 29 नवंबर 2025 को हरप्रीत सिंह के साथ की थी। यह अरेंज मैरिज थी, जिसे बड़े धूमधाम से किया गया था। शादी में कार के लिए 8 लाख रुपए भी दिए थे। उनकी बेटी ने एमए-बीएड कर रखा था।

शादी के बाद लगी दामाद की जॉब, डिमांड बढ़ने लगी

हरपाल ने आगे बताया कि दामाद हरप्रीत सिंह हरियाणा पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड में SDO के पद पर कैथल में कार्यरत है। शादी के कुछ दिन बाद हरप्रीत की जॉब लगी थी। आरोप लगाया कि जॉब लगने के बाद उसकी डिमांड बढ़ने लगी। दामाद बड़ी गाड़ी की डिमांड करता था, जिसके लिए काजल को टॉर्चर करता था।

साढ़े 12 बजे हुई आखिरी बात, 6 घंटे बाद मिली मौत की सूचना 

हरपाल सिंह ने बताया कि मंगलवार दोपहर साढ़े 12 बजे उनकी काजल के साथ बातचीत हुई थी। इसके ठीक 6 घंटे बाद यानी साढ़े छह बजे उनको रिश्तेदार से सूचना मिली कि काजल की मौत हो गई। वे परिवार के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे तो बेटी का शव फंदे से लटका पाया।

पिता बोले- दामाद के दूसरी युवती से संबंध, बेटी की हत्या की 

हरपाल ने आरोप लगाया कि काजल की हत्या के बाद उसे फांसी पर लटकाया गया। पूरी प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम दिया गया। दामाद हरप्रीत का किसी दूसरी युवती के साथ अफेयर चल रहा था। वह रात 2 बजे तक उस युवती से बातचीत करता था। पूरी प्लानिंग से यह हत्या की है। इसके लिए उसने 2-3 महीने पहले ही अपने माता-पिता को ऑस्ट्रेलिया भेज दिया था।

पुलिस को मिला नैपकिन, जिस पर लिखा- I M NOT WELL 

उधर, पुलिस को काजल के कमरे से एक नैपकिन मिला। इस नैपकिन पर I M NOT WELL SORRY लिखा हुआ मिला। पुलिस ने नैपकिन को कब्जे में लिया है। इसके अलावा पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। साथ ही शव को फंदे से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

ननद बोलीं- बहन के लिए लड़का देखने गए माता-पिता

काजल की ननद याशमीन ने बताया कि उसके पिता गुरमीत सिंह सिरसा से मार्केट कमेटी से डिप्टी सुपरिंटेंडेंट के पद से रिटायर हुए है। पिता गुरमीत सिंह और मां राज रानी उसकी बहन के रिश्ते के लिए ऑस्ट्रेलिया गए है। जाने से पहले काजल भाभी के परिवार को घर बुलाया था।

उसका भाई हरप्रीत दोस्तों संग घूमने के लिए गया हुआ था, जबकि काजल एक सप्ताह से मायके गई हुई थी। वह मंगलवार सुबह ही मायके से लौटी थी। उन पर लगाए गए आरोप में कोई सच्चाई नहीं है। दहेज के लिए कभी टॉर्चर नहीं किया।

पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की

उधर, इस मामले में थाना सदर थानेसर SHO रणधीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने काजल के पति और उसके सास-ससुर के खिलाफ केस किया है। दो डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। पुलिस नैपकिन पर लिखावट की जांच भी करवाएगी, ताकि पता चल सके कि यह काजल ने ही लिखा है या किसी और ने।