August 5, 2026
5 aug 20
  • सरकार को चेतावनी-मांगें न मानीं तो आंदोलन होगा और तेज

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : करनाल में आयोजित संयुक्त किसान मोर्चा और विभिन्न जनसंगठनों की बैठक में 10 अगस्त को देशव्यापी ‘कॉर्पोरेट छोड़ो आंदोलन’ और जेल भरो आंदोलन का ऐलान किया गया। इस दौरान हरियाणा भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष रतन मान ने कहा कि यह संघर्ष केवल किसानों का नहीं, बल्कि मजदूरों, महिलाओं, कर्मचारियों और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई है।

किसान भवन में हुई अहम बैठक, कई संगठनों की भागीदारी

करनाल के किसान भवन में आयोजित इस बैठक में किसान, महिला, मजदूर और कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। रतन मान ने बताया कि कुछ दिन पहले दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में राष्ट्रीय स्तर पर बैठक हुई थी, जिसमें सभी संगठनों की साझा समस्याओं और मांगों को लेकर संयुक्त आंदोलन चलाने का फैसला लिया गया था। उसी कड़ी में हरियाणा के सभी जिलों में तैयारियों को लेकर बैठकें की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि आंदोलन के प्रमुख मुद्दों में भारत-अमेरिका ट्रेड डील सहित किसानों और अन्य वर्गों से जुड़े लंबे समय से लंबित मुद्दे शामिल हैं। इन मांगों को लेकर अब देशव्यापी स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।

भारत छोड़ो’ की तर्ज पर ‘कॉर्पोरेट छोड़ो आंदोलन

रतन मान ने कहा कि वर्ष 1942 में महात्मा गांधी ने अंग्रेजों के खिलाफ ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ चलाया था। उसी तर्ज पर अब देश में बढ़ते कॉर्पोरेट प्रभाव के खिलाफ ‘कॉर्पोरेट छोड़ो आंदोलन’ शुरू किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों पर कॉर्पोरेट घरानों का प्रभाव बढ़ रहा है और आम जनता के हितों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने बताया कि 10 अगस्त को करनाल में सभी संगठन सेक्टर-12 स्थित फव्वारा पार्क में एकत्रित होंगे। यहां से एक विशाल जुलूस निकाला जाएगा, जो प्रशासन तक पहुंचेगा और आंदोलनकारी सामूहिक रूप से गिरफ्तारी देंगे।

मांगें न मानीं तो आंदोलन होगा और तेज

रतन मान ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते संगठनों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन गिरफ्तारी से भी पीछे हटता है तो आंदोलनकारी आगे की रणनीति तय कर बड़ा फैसला लेने को मजबूर होंगे।

महिला संगठनों ने भी दिया समर्थन

जनवादी महिला समिति की सचिव दराशो ने भी इस आंदोलन को समर्थन देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि 10 अगस्त को होने वाले जेल भरो आंदोलन में उनकी समिति पूरी मजबूती के साथ भाग लेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में सरकारी संस्थानों का लगातार निजीकरण किया जा रहा है और सार्वजनिक संपत्तियां निजी हाथों में सौंपी जा रही हैं। दराशो ने बताया कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जुलाई से धरना जारी है, जो 13 अगस्त तक चलेगा। उन्होंने महिलाओं से इस जनआंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।