- नाले में गिरी गाड़ी छोड़कर भागे, लेनदेन में हमले की आशंका
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के कुरुक्षेत्र के गांधी नगर में रविवार तड़के फायरिंग की वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। ब्लैक स्कॉर्पियो में सवार होकर आए बदमाशों ने दो युवकों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। हमले में गांधी नगर निवासी 20 साल के अमन और प्रिंस (20) घायल हो गए। दोनों को गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, नाले में गिरने के बाद हमलावर स्कॉर्पियो छोड़कर फरार हो गए।
घटना सुबह करीब साढ़े 3 बजे की हुई है। अमन और प्रिंस सुबह गांधी नगर में मौजूद थे। इसी दौरान ब्लैक स्कॉर्पियो में सवार कुछ युवक पहुंचे और दोनों पर फायरिंग कर दी। इसमें अमन को 2 और प्रिंस को एक गोली लगी। सुबह-सुबह फायरिंग की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
साथियों ने पहुंचाया अस्पताल
फायरिंग में घायल हुए अमन और प्रिंस को उनके साथियों ने तुरंत कुरुक्षेत्र के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। हालांकि परिजन उन्हें शहर के प्राइवेट अस्पताल में ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जुआ-सट्टेबाजी के विवाद से जुड़ रहा मामला
सूत्रों के मुताबिक, मामला जुआ और सट्टेबाजी के कारोबार से जुड़ा लग रहा है। गांधी नगर में कुछ लोग कथित तौर पर जुआ और सट्टेबाजी का काम करते हैं। अमन और प्रिंस का नाम भी इस नेटवर्क से जुड़ा बताया जा रहा है। आशंका है उन पर फायरिंग भी कारोबार या पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में हुई।
लोगों ने किया बदमाशों का पीछा, नाले में गिरी स्कॉर्पियो
वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार होने लगे। इस दौरान शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग और घायल युवकों के साथी बाहर निकल आए। उन्होंने आरोपियों का पीछा किया। भागने की कोशिश में आरोपियों की स्कॉर्पियो बेकाबू होकर एक नाले में जा गिरी। सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं।
पुरानी रंजिश का मामला : सुनील कुमार
DSP हेडक्वार्टर सुनील कुमार ने बताया कि मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है, क्योंकि आरोपियों का पहले भी घायलों के साथ झगड़ा हुआ था। इसमें उनकी गिरफ्तारी हुई थी। घटनास्थल से पुलिस को 5 खाली खोल बरामद हुए हैं। फिलहाल पुलिस ने वारदात में इस्तेमलाल स्कॉर्पियो गाड़ी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।