- फिर स्कूटी सवार का सिर फोड़कर ₹60 हजार छीने
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के कैथल में शनिवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने तीन बदमाशों को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपियों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आरोपियों ने शुक्रवार देर रात गन पॉइंट पर एक होटल में लूट की कोशिश की थी। वहां वारदात में सफल नहीं होने पर उन्होंने एक स्कूटी सवार का सिर फोड़कर उससे 60 हजार रुपए लूट लिए और फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद से पुलिस की टीमें लगातार उनके पीछे लगी हुई थीं। पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर हुई मुठभेड़ों के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनका एक साथी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
होटल में लूट की कोशिश का CCTV फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में आरोपी होटल मालिक को पिस्टल दिखाकर धमकाते नजर आ रहे हैं।
पिस्टल दिखाकर होटल में लूट की कोशिश
DSP क्राइम सुशील प्रकाश ने बताया कि शुक्रवार देर रात चार बदमाश कलायत स्थित सहारण होटल में पहुंचे। उन्होंने होटल मालिक रामनरेश और कर्मचारियों को पिस्टल दिखाकर धमकाया। हालांकि, होटल मालिक और स्टाफ ने उनका डटकर सामना किया, जिसके बाद बदमाश वहां से फरार हो गए।
स्कूटी सवार से 60 हजार रुपए लूटे
इसके बाद चारों आरोपी कैथल के बलराज नगर स्थित त्रिमूर्ति कांटे के पास एक पेट्रोल पंप के बाहर पहुंचे और एक स्कूटी सवार को रोक लिया। सुबह करीब साढ़े चार बजे उन्होंने बंदूक दिखाकर उसे धमकाया और उसके सिर पर डंडे से वार कर दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद आरोपी स्कूटी की डिग्गी में रखे 60 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना आसपास के लोगों ने पुलिस को दी।
शुगर मिल के पास पहली मुठभेड़, दो बदमाश गिरफ्तार
सूचना मिलते ही सीआईए कलायत और एंटी व्हीकल थेफ्ट (AVT) टीम बदमाशों के पीछे लग गई। पुलिस ने शुगर मिल के पास आरोपियों को घेरकर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों के पैरों में गोली मारकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया, जबकि बाकी आरोपी फरार हो गए। पहली मुठभेड़ में पकड़े गए आरोपियों की पहचान जींद के खांडा खेड़ी निवासी साहिल और हिसार के मीरपुर निवासी अशोक उर्फ गोलू के रूप में हुई।
ग्योंग गांव के पास दूसरी मुठभेड़ में तीसरा आरोपी पकड़ा
इसके बाद पुलिस टीमों ने अन्य आरोपियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। सुबह करीब 7 बजे ग्योंग गांव के पास दूसरी मुठभेड़ हुई, जिसमें खांडा खेड़ी निवासी अंकित को भी पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। चौथा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
अग्रोहा और चंडीगढ़ में भी लूट की वारदातें कबूलीं
DSP सुशील प्रकाश ने बताया कि जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने उसी रात अग्रोहा में एक दुकान से 40 हजार रुपए लूटे थे। इसके अलावा करीब 15 दिन पहले उन्होंने चंडीगढ़ में दो दुकानों से 20 हजार और 50 हजार रुपए की लूट की वारदात को भी अंजाम दिया था। फिलहाल पुलिस टीमें मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है।