April 24, 2024

यमुनानगर:आप भी अगर ऑनलाइन फूड ऑर्डर करते हैं तो सावधान हो जाए , क्योंकि ठगों की नजर अब ऑनलाइन आर्डर पर भी है। यमुनानगर में एक ऐसा ही मामला सामने आया है। जिसमें एक फेक वेबसाइट बनाकर खाना ऑर्डर करने वाले व्यक्ति से एक लाख रुपये की ठगी कर ली गई। फूड ऑर्डर करने पर पहले एक ऐप को डाउनलोड करवाया गया और फिर उसके खाते से एक लाख रुपये उड़ा लिए गए। इस मामले की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए यमुनानगर साइबर क्राइम थाने ने बिहार के भागलपुर से एक आरोपी को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर लिया है। अब उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा और इस मामले में रिकवरी की जाएगी।

यमुनानगर में सागर रत्ना की एक फेक वेबसाइट बनाई गई। जब यहां के एक व्यक्ति ने उस साइट पर खाना ऑर्डर किया तो उसके बाद एक एप डाउनलोड करवा उसके एक लाख रुपए उड़ा दिए। जिसके बाद शिकायतकर्ता ने इसकी शिकायत यमुनानगर साइबर क्राइम थाने को दी।

साइबर थाने के इंचार्ज इंस्पेक्टर नसीब सिंह ने बताया कि आशीष नाम के व्यक्ति से एक शिकायत प्राप्त हुई थी। उस शिकायत में बताया गया था सागर रत्ना की एक वेबसाइट पर फूड के लिए आर्डर किया था। जिसके बाद व्यक्ति से एनीडेस्क नाम की एक ऐप डाउनलोड करवाई गई और एक लाख का फ्रॉड किया गया। इस शिकायत पर हमने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी करने वाले आरोपी को बिहार के भागलपुर से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान रोहित कुमार के रूप में हुई है।

भागलपुर से उसे गिरफ्तार कर उसे ट्रांजिट रिमांड पर लिया है। अब इसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। हम एनसीआरबी पोर्टल पर इसको चेक करेंगे। अगर इससे जुड़ी कोई और शिकायत होगी जो मोबाइल नंबर जो अकाउंट नंबर इसमें इस्तेमाल हुआ है तो उसे भी अपडेट करेंगे। वहीं उन्होंने जनता से अपील की है कि ऐसी कोई भी ऐप इस्तेमाल करने से पहले उस एप्प की पूरी जानकारी लेने के बाद ही इस्तेमाल करें। आजकल साइबर ठग नए-नए तरीके ढूंढ रहे हैं। कभी ओटीपी तो कभी ऑनलाइन फूड के नाम पर ब्रांडेड फूड कंपनियों के नाम की फेक ऐप और साइट बनाकर इस तरीके से लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं। जितने ज्यादा लोग सतर्क होंगे उतना ही इनसे बचा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *