- गुरुग्राम में भी मौसम खराब
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में आज भी पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना है। सुबह सोनीपत में तेज बारिश हुई। गुरुग्राम में बादल छाए हैं और ठंडी हवा चल रही है। यहां भी बारिश के आसार हैं। मंगलवार को दिनभर हुई झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 9.2 मिमी. बारिश हुई। जिलों की बात करें तो अंबाला में सबसे ज्यादा 94.6 मिमीं बारिश रिकॉर्ड की गई। राज्य में 1 जून से 4 अगस्त तक सामान्य से 30% कम बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में प्रदेश में औसतन 227.5 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल 158.9 मिमी बारिश ही हुई है।
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
पथराला नदी का तटबंध टूटा, सैकड़ों एकड़ फसल जलमग्न
यमुनानगर के रायपुर गांव के पास पथराला नदी का तटबंध टूटने से नदी का पानी तेजी से आसपास के खेतों में फैल गया। इससे तरुवाला, रायपुर, बलौली, याकूबपुर और ऊर्जनी समेत आसपास के कई गांवों की सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो गई। इससे किसानों की फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका है।
पथराला नदी में 5 हजार क्यूसेक जलप्रवाह होने पर बाढ़ की स्थिति मानी जाती है, जबकि फिलहाल नदी में करीब 5,700 क्यूसेक पानी बह रहा है। तटबंध टूटने के बाद प्रशासन और सिंचाई विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
बारिश से यमुना का जलस्तर बढ़ा
यमुना के कैचमेंट एरिया (उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश) में हुई भारी बारिश के बाद यमुनानगर स्थित हथिनीकुंड बैराज पर जलस्तर तेजी से बढ़ गया। मंगलवार को बैराज पर पानी का प्रवाह 79,620 क्यूसेक तक पहुंच गया। इसके बाद बैराज के 18 में से 15 गेट खोलकर 63,110 क्यूसेक पानी दिल्ली की ओर छोड़ा गया। यह पानी अगले 48 घंटे में दिल्ली पहुंच जाएगा।
अधिकतम तापमान में 4.7°C की गिरावट
लगातार बारिश और घने बादलों के कारण हरियाणा में औसतन अधिकतम तापमान सामान्य से 3.4°C नीचे गिर गया है, जबकि कल के मुकाबले इसमें 4.7°C की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान सिरसा में 35.0°C दर्ज किया गया। इसके अलावा फरीदाबाद में 33.8°C, रोहतक में 31.6°C, हिसार में 30.5°C और अंबाला में 29.5°C पारा रहा।
नारनौल की रात रही सबसे ठंडी
प्रदेश में औसतन न्यूनतम तापमान में 1°C की मामूली गिरावट देखी गई, जो कि सामान्य के आसपास बना हुआ है। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान नारनौल में 24.0°C रिकॉर्ड किया गया।
इसके अलावा अंबाला में 24.4°C, भिवानी में 25.0°C, गुरुग्राम में 26.8°C, हिसार में 26.9°C और करनाल में 27.3°C न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। ठंडी मानसूनी हवाओं से रात के समय मौसम सुहावना बना हुआ है।