May 4, 2024

हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ में शनिवार के दिन की शुरुआत झमाझम बारिश से हुई। शुक्रवार शाम से ही घने काले बादल छाए हुए थे और रात भर मौसम में ठंडक बनी रही। लेकिन बारिश शनिवार तड़के हुई, जो कई घंटों तक लगातार होती रही। कई शहरों में अभी भी बारिश हो रही है। लेकिन लोगों को इस बारिश के कारण गर्मी और उमस से निजात मिल गई। किसानों को भी राहत मिल गई है।

चंडीगढ़ में हल्की बारिश हुई, लेकिन मौसम सुहावना
पिछले कई दिनों से चंडीगढ़ में गर्मी और उमस का माहौल था। लेकिन शनिवार सुबह थोड़ी-सी ही सही, लेकिन बारिश हुई और शहरवासियों को कुछ राहत मिली। पिछले एक हफ्ते में शनिवार को तीसरी बार बारिश हुई है। चंडीगढ़ मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी हवाएं इस रीजन की ओर रुख कर रही हैं, जिससे मौसम में बदलाव आने की संभावना है। अभी अगले 2 से 3 दिन के लिए शहर में ठीक-ठाक बारिश की संभावनाएं बनी हुई हैं। शुक्रवार को शहर में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले 10 साल में सब से कम दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में भी बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। इस मानसून सीजन की बात करें तो चंडीगढ़ में अब तक कुल 325.6 MM बारिश हुई है, जबकि होनी 487.2 MM चाहिए थी यानी इस सीजन चंडीगढ़ में सामान्य से 33% कम बारिश हुई है।

रेवाड़ी में बारिश, नारनौल व झज्जर में छाए बादल
सावन का पूरा माह सूखा निकल जाने के बाद दक्षिणी हरियाणा में शनिवार सुबह राहत की बारिश हुई। सुबह से ही रेवाड़ी में बारिश हो रही है, जबकि नारनौल व झज्जर में बादल छाए हुए हैं। वहीं यह बारिश किसानों के लिए भी काफी फायदेमंद है। इस सीजन में दक्षिणी हरियाणा में बाजरा, कपास व मूंग की फसल होती है। अगर अच्छी बारिश होती है तो फिर किसानों को खेतों में ज्यादा सिंचाई की जरूरत नहीं पड़ेगी। रेवाड़ी में शुक्रवार को भी हल्की बारिश हुई थी। लेकिन अच्छी बारिश नहीं होने के कारण तापमान 38 डिग्री तक पहुंच गया था। मौसम बदलने के बाद तापमान में 5 डिग्री की गिरावट हुई है। रेवाड़ी में जुलाई माह में अच्छी बारिश हुई थी, लेकिन अगस्त की शुरूआती तीन दिनों में हल्की बूंदाबांदी हुई। बाद में तापमान बढ़ने के साथ उमस भरी गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ाए हुए थे। शुक्रवार शाम को मौसम में बदलाव के बाद लोगों को कुछ राहत मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *