November 25, 2026
25 nov 17
  • 24 घंटे कोडिंग कर छात्रों ने जनरेटिव एआई, रोबोटिक्स और साइबर सुरक्षा सहित 10 क्षेत्रों में प्रस्तुत किए तकनीकी समाधान

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : गीता यूनिवर्सिटी में आयोजित राष्ट्रीय हैकथॉन नेक्स हैक 2.0 का बुधवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों और तकनीकी संस्थानों के विद्यार्थियों ने लगातार 24 घंटे कोडिंग कर नए विचारों और तकनीकी समाधानों को प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में बेहतर कौशल का प्रदर्शन करते इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी दिल्ली की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। टीम को 35 हजार रुपए की नकद राशि व उपहार देकर सम्मानित किया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के लेफ्टिनेंट कर्नल सूरज एस. नायर ने विजेता प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार राशि व उपहार देकर सम्मानित किया। लेफ्टिनेंट कर्नल सूरज एस. नायर ने छात्रों के तकनीकी मॉडलों और नए विचारों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे नवाचार देश की उन्नति और प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। भविष्य में यही विचार देश की आर्थिक क्षमता और सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने में मददगार साबित हो सकते हैं। उन्होंने युवाओं से देश की सुरक्षा और आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने वाले नए समाधान विकसित करने और उन पर काम करने का आह्वान किया।

हैक द नेक्स्ट डाइमेंशन’ थीम पर आयोजित इस प्रतियोगिता में 10 विषयों पर दिन रात लगाकर 24 घंटे काम किया

गीता टेक्निकल हब के सीओओ पंकज बजाज ने बताया कि ‘हैक द नेक्स्ट डाइमेंशन’ थीम पर आयोजित इस प्रतियोगिता में छात्रों ने जनरेटिव एआई, रोबोटिक्स, साइबर सुरक्षा, फॉरेंसिक टेक्नोलॉजी, फिनटेक और कृषि में एआई सहित 10 विषयों पर दिन रात लगाकर 24 घंटे काम किया। इस हैकथॉन में आईआईटी जोधपुर, दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी, एनएसयूटी, एनआईटी कुरुक्षेत्र, अमृता विश्व विद्यापीठम, एलपीयू, पंजाब यूनिवर्सिटी, एमडीयू रोहतक, कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी, चितकारा, शारदा, जीएलए और एसजीटी यूनिवर्सिटी सहित देशभर के प्रमुख संस्थानों की टीमों ने भाग लिया। इस अवसर पर वीसी डॉ. मनोज मनुजा, डॉ. समनीश शर्मा, प्रशांत जिंदल, श्लोक कुमार, डॉ. मीनू गुप्ता, प्लेसमेंट सेल सीनियर निदेशक अमित कुमार वर्मा, समर्थ, रौनक जैन व कृति उपस्थित रहे।