November 25, 2026
25 nov 10
  • अधिकारियों को विकास कार्य पूरे करने की डेडलाइन

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के चंडीगढ़ स्थित आवास पर विकास कार्यों को लेकर रिव्यू मीटिंग चल रही है। बैठक में भाजपा के सभी विधायकों और विभिन्न विभागों के सचिवों को बुलाया गया है।

खास बात यह है कि बैठक में कांग्रेस से सस्पेंड किए गए विधायक जरनैल सिंह, रेणुबाला, शैली चौधरी और मोहम्मद इसराइल भी पहुंचे हैं। मीटिंग से बाहर निकलीं रेणुबाला ने मीडियो से बात नहीं की।

सूत्रों के मुताबिक, मीटिंग हॉल में अलग-अलग टेबल लगाई गई हैं। मुख्यमंत्री खुद विधायकों के पास जाकर उनसे वन-टू-वन बातचीत कर रहे हैं। साथ ही, अधिकारियों को CM अनाउंसमेंट से जुड़े कार्यों को पूरा करने की डेडलाइन भी दी जा रही है।

कल संविधान दिवस के मौके पर हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र भी बुलाया गया है। CM की बैठक में कल होने वाले सत्र को लेकर भी चर्चा हो सकती है। उधर, कांग्रेस ने भी दोपहर बाद चंडीगढ़ में विधानसभा सेशन को लेकर बैठक बुलाई है। कांग्रेस की ओर से कल दोपहर 1 बजे पंचकूला में संविधान रक्षा मार्च भी निकाला जाएगा।

भाजपा विधायक रामकुमार गौतम अभी पहुंचे समीक्षा बैठक में, कांग्रेस विधायकों के बैठक में शामिल होने पर कहा कि उनको भाजपा की पॉलिसीज में विश्वास होगा, उसी कारण बैठक में आए

जांबा बोले- कांग्रेस विधायकों ने अपने कामों की जानकारी ली

पूंडरी से भाजपा विधायक सतपाल जांबा ने बताया कि समीक्षा बैठक में 15 से 20 अलग-अलग टेबल लगाई गई हैं। इन पर विधायक और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद हैं। कांग्रेस के चार विधायकों की भी CM घोषणाओं के अलावा कुछ अन्य मांगें थीं। वे आज अपनी मांगों की स्थिति की जानकारी ले रहे थे।

जरनैल सिंह बोले- सरकार के कामकाज से खुश

रतिया से कांग्रेस विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि वह सरकार के 2 साल के कामकाज से खुश हैं। भाजपा सरकार के 2 साल के कार्यकाल की समीक्षा के लिए बैठक बुलाई गई। सरकार की समीक्षा बैठक में कोई भी विधायक शामिल हो सकता है।

सुबह 11 बजे शुरू होगा सत्र

हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र 26 नवंबर को सुबह 11 बजे शुरू होगा। सदन की कार्यवाही शोक प्रस्तावों के साथ शुरू की जाएगी। इसके बाद सुबह 11:15 बजे सदन की कार्यवाही सवा घंटे के लिए स्थगित रहेगी। इस दौरान विधान भवन के बाहर सेरेमोनियल गेट के पास संविधान को समर्पित विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में संविधान बनने की ऐतिहासिक यात्रा, संविधान निर्माताओं के योगदान और संविधान में शामिल मूल्यों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई जाएगी। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होगी।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष सभी विधायकों को संविधान की हिंदी और अंग्रेजी प्रतियां भेंट करेंगे।

क्रॉस वोटिंग के आरोप पर कांग्रेस ने 5 विधायक सस्पेंड किए

हरियाणा कांग्रेस ने 16 मार्च 2026 को हुए राज्यसभा चुनाव में कथित क्रॉस वोटिंग और पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में अपने 5 विधायकों को 16 अप्रैल को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से सस्पेंड कर दिया था। इनमें नारायणगढ़ से शैली चौधरी, सढौरा से रेणुबाला, रतिया से जरनैल सिंह, पुन्हाना से मोहम्मद इलियास और हथीन से मोहम्मद इसराइल शामिल हैं।

पार्टी का आरोप था कि इन विधायकों ने कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवार कर्मवीर सिंह बौद्ध के बजाय भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल के पक्ष में वोट किया। प्रदेश अनुशासन समिति की सिफारिश और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मंजूरी के बाद प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने निलंबन की कार्रवाई की थी। हालांकि, शैली चौधरी, रेणुबाला और जरनैल सिंह ने क्रॉस वोटिंग के आरोपों से इनकार किया था।