November 25, 2026
25nov 14
  • सर्व समाज ने की पुष्पवर्षा

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : संत शिरोमणि गुरु श्री रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में निकाली जा रही सामाजिक समरसता यात्रा का बुधवार को यमुनानगर में जोरदार स्वागत किया गया। यात्रा ने सुबह कलानौर बॉर्डर के रास्ते हरियाणा में प्रवेश किया तो वहां पहले से मौजूद लोगों ने उत्साह के साथ इसका अभिनंदन किया।

हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा और कृष्ण बेदी ने कलानौर बॉर्डर पर यात्रा का स्वागत किया। इसके बाद यात्रा यमुनानगर शहर की ओर रवाना हुई। पूरे शहर में यात्रा को लेकर उत्साह देखने को मिला। विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों, भाजपा कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के साथ यात्रा का स्वागत किया।

शहर में कई जगह हुआ स्वागत

यात्रा के स्वागत के लिए शहर में कई जगह स्वागत द्वार बनाए गए थे। बड़ी संख्या में लोग यात्रा के दर्शन और स्वागत के लिए पहुंचे। यात्रा महाराणा प्रताप चौक पहुंची, जहां यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा और भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा के नेतृत्व में स्वागत किया गया।

इसके बाद यात्रा जगाधरी की ओर बढ़ी। जगाधरी बस स्टैंड होते हुए पुरानी कचहरी स्थल के पास एचडीएफसी बैंक के बाहर पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर और वरिष्ठ भाजपा नेता रिशिपाल इंजीनियर के नेतृत्व में स्वागत किया गया। इसके बाद यात्रा थाना छप्पर पहुंची, जहां पूर्व विधायक बलवंत सिंह के नेतृत्व में लोगों ने अभिनंदन किया।

यात्रा के दौरान शहर के अलग-अलग हिस्सों में सामाजिक संगठनों, संस्थाओं, भाजपा पदाधिकारियों और सर्व समाज के लोगों की भागीदारी रही। जगह-जगह हुए स्वागत से यात्रा का माहौल उत्सव जैसा नजर आया।

गुरु रविदास की शिक्षाएं समाज को जोड़ने का काम करती हैं

कलानौर बॉर्डर पर यात्रा का स्वागत करते हुए कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज ने सदियों पहले समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का रास्ता दिखाया था। उनकी शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं।

गुरु रविदास जी ने जात-पात और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर सभी मनुष्यों को समान मानने का संदेश दिया। उनके विचारों को अपनाकर ही एक मजबूत और समरस समाज का निर्माण किया जा सकता है।

शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम

मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज ने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां किसी के साथ जाति या वर्ग के आधार पर भेदभाव न हो और प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर मिले। उनका बेगमपुरा का विचार समानता, स्वतंत्रता और भेदभाव रहित समाज की परिकल्पना है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर निकाली जा रही यह यात्रा उनकी शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।