November 25, 2026
25 nov 6
  • 15 साल पहले परिवार से टूटा नाता

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  परिवार के साथ रहते हुए इंसान को भले ही अपनों का सहारा मिल जाए, लेकिन रिश्तों से दूरी बन जाए तो मौत के बाद भी अपनों का साथ नसीब नहीं होता। ऐसा ही मामला यमुनानगर में सामने आया, जहां 55 वर्षीय प्रवेश कुमार की मौत के बाद उनके परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया। पुलिस ने भाई से संपर्क कर अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी निभाने के लिए कई बार समझाया, लेकिन परिजन तैयार नहीं हुए। आखिरकार 72 घंटे तक शव का इंतजार करने के बाद पुलिस ने करनाल की मानव कल्याण संस्था की मदद से उनका अंतिम संस्कार करवाया।

प्रवेश कुमार लक्ष्मी नगर कैंप के रहने वाले थे। 19 नवंबर को महाराणा प्रताप चौक के पास शराब के ठेके के बाहर उनका शव मिला था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव की तलाशी ली तो उसमें से वोटर कार्ड बरामद हुआ। इसी के आधार पर मृतक की पहचान हुई और पुलिस ने परिजनों तक संपर्क किया।

जांच के दौरान सामने आया कि प्रवेश करीब 15 साल पहले पत्नी से तलाक होने के बाद परिवार से अलग हो गए थे। वह शराब पीने के आदी थे और लंबे समय से फुटपाथ पर रहकर गुजारा कर रहे थे। परिजनों के मुताबिक, इतने वर्षों से उनका परिवार के साथ कोई संपर्क नहीं था। वह कहां रहते थे और किस हालत में जीवन बिता रहे थे, इसकी भी उन्हें जानकारी नहीं थी।

खाना मांगने के कुछ देर बाद तोड़ दिया दम

प्रवेश की मौत से पहले की स्थिति भी सामने आई है। स्थानीय निवासी शुभम ने पुलिस को बताया था कि प्रवेश पिछले तीन-चार दिनों से शराब के ठेके के पास ही पड़े हुए थे। 19 नवंबर की सुबह जब वह वहां पहुंचा तो प्रवेश ने उससे खाना मांगा। शुभम ने खाना लाकर देने की बात कही और वहां से चला गया। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो प्रवेश की मौत हो चुकी थी। इसके बाद उसने आसपास के लोगों को सूचना दी।

बीमारी के कारण छूट गया था काम

स्थानीय दुकानदार अवतार सिंह के अनुसार, प्रवेश करीब ढाई महीने पहले तक उनकी दुकान पर काम करते थे। बीमारी के कारण उन्होंने दुकान पर आना बंद कर दिया था। इसके बाद वह किस तरह अपना जीवन गुजार रहे थे, इसकी जानकारी नहीं थी।

थाना शहर यमुनानगर प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतक के भाई को बुलाकर शव लेने और अंतिम संस्कार करने के लिए काफी समझाया था, लेकिन उसने मना कर दिया। निर्धारित 72 घंटे तक इंतजार करने के बाद करनाल की मानव कल्याण संस्था के सहयोग से प्रवेश कुमार का अंतिम संस्कार करवाया गया।