May 19, 2024

श्रीमदभगवदगीता हरियाणा का गौरव है, हमें अपने इस गौरव को विश्व स्तर का सम्मान दिलवाते हुए गीता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का काम करना है। हर वर्ष कुरूक्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का आयोजन किया जाता है। यह अभिव्यक्ति गीता मनीषी स्वमी ज्ञानांनंद जी महाराज ने रामबाग मैदान अम्बाला शहर में जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव के शुभ अवसर पर सांय यहां पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कही। यहां पहुंचने पर स्थानीय विधायक असीम गोयल नन्यौला व अतिरिक्त उपायुक्त सचिन गुप्ता व एसडीएम दर्शन कुमार ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह, शाल व गीता भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने उपस्थित लोगों को जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रीमदभगवदगीता आस्था का ही ग्रन्थ नहीं है। जीवन मूल्यों का, परम्पराओं के सम्मान का, जीवन की हर समस्या के समाधान का तथा पूरी मानवता की मुस्कान का ग्रन्थ है। उन्होंने कहा कि कुरूक्षेत्र में भगवान श्री कृष्ण ने हजारों वर्ष पूर्व अर्जुन को गीता का जो संदेश दिया था आज वह उतना ही प्रसांगिक हैं जितना उस समय होता था। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2014 में  लाल किले पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूरे विश्व के सामने हमने यह बात रखी थी कि गीता उपदेश जन-जन तक  पहुंचे इसके लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। विश्व के विद्धवानों ने यह स्वीकार किया है कि हजारों वर्ष पूर्व महाभारत के युद्ध में भगवान श्री कृष्ण ने अर्जुन को जो गीता का संदेश दिया था वह आज भी उतना ही प्रसांगिक है।
गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने इस मौके पर यह भी कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा गीता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जो कार्य किए जा रहेे हैं वह काफी सराहनीय है। भगवदगीता हरियाणा का गौरव है। स्कूलों, कालेजों में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से गीता पर आधारित कार्य किए जा रहे हैं। कुरूक्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती के महोत्सव के अवसर पर 29 नवम्बर को भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मू जी के साथ-साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल व अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही थी। कार्यक्रम के दौरान वहां पर हवन यज्ञ, गीता जी पर गोष्ठी व अन्य विराट कार्यक्रम हुए जिससे पूरे भारत का सम्मान बढ़ा है। आज भारत में ही  नहीं गीता का उपदेश जन-जन तक पहुंचे इसके लिए विदेशों में भी गीता जयंती महोत्सव हो रहे हैं। अप्रैल में आस्ट्रेलिया में महोत्सव की तैयारियां हो रही है और सिडनी में भी पारलीयामैंट में गीता जयंती पर महोत्सव होगा। उन्होने कहा कि हरियाणा सरकार और आप सब के आदम्य प्रेम व सहयोग से श्रीमदभगवदगीता का संदेश राष्ट्र सम्मान के साथ राष्ट्र का गौरव बनकर भारत के स्वाभिमान के साथ विश्व स्तर तक इसे पहुंचाने का काम करना है। इस मौके पर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
इस मौके पर स्थानीय विधायक असीम गोयल नन्यौला ने स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज का यहां पहुंचने पर स्वागत करते हुए कहा कि स्वामी ज्ञानांनद जी महराज के अथक प्रयासों से गीता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होने जिला स्तरीय गीता जयंती के महोत्सव पर उनका यहां पहुंचने पर अभिनंदन किया व उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त सचिन गुप्ता, एसडीएम दर्शन कुमार, हैप्पी चावला, डीआईपीआरओ धर्मेन्द्र कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा, शहरी परियोजना अधिकारी अनिल राणा, जिला समाज कल्याण अधिकारी ईश्वर राठी, सुरेन्द्र ढींगरा, हितेष जैन, मनदीप राणा, सोनू चावला, राकेश मक्कड के साथ-साथ अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *