May 3, 2024
हरियाणा के भिवानी में शुक्रवार को गौ मांस बेचने की सूचना पर हड़कंप मच गया। सूचना के बाद गौ सेवकों ने जागृति कॉलोनी में दबिश दी। मांस सप्लायर तो मौके से फरार हो गए, लेकिन इसकी खरीदारी के लिए आए चार लोगों को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची ओर छानबीन की। मौके से करीब 20 किलोग्राम गो मांस के साथ चारों व्यक्तियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ जारी है।
भिवानी में बजरंग दल कार्यकर्ताओं और गौ सेवकों काफ़ी दिनों से सूचना मिल रही थी कि भिवानी में हर शुक्रवार को कई क्विंटल गौ मांस आता है। गौ सेवक संजय परमार ने बताया कि उन्होंने जागृति कालोनी में किराये के मकान में गौ मांस बेचने की सूचना मिली थी। वहां पहुंचे तो 2 सप्लायर फ़रार हो गए, लेकिन 4 ख़रीदार गौ मांस सहित पकड़े गए।
उन्होंने बताया कि भिवानी गौ मांस की मंडी बन चुकी है। यहां पर हर शुक्रवार को 4-5 क्विंटल गौ मांस आ रहा है। संजय परमार ने बताया कि पैसे और ऑर्डर के बाद गौ मांस यहां मंगाया जाता है। जांच का विषय है कि यहां पर गाय काटी जाती है या फिर गौ मांस बाहर से आता है।
गौ मांस की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस के जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर सतीश ने बताया कि गो सेवकों की सूचना पर वे अपनी टीम के साथ जागृति कॉलोनी पहुंचे थे। वहां से चार लोगों को प्लास्टिक की थैलियों में पैक गौ मांस सहित हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि जांच के बाद क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी बाहरी व्यक्ति को किराये पर मकान दें तो पुलिस में सूचना ज़रूर दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *