May 10, 2024

हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री अनिल विज की कार्यशैली एवं उनके द्वारा करवाए गए विकास कार्यों से प्रभावित होकर शुक्रवार को बोह से कांग्रेस के युवा प्रधान भरपूर सिंह धारीवाल सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा। गांव के बुजुर्ग को पार्टी का पटका पहनाकर गृह मंत्री अनिल विज ने उनके पांव छुए। कार्यकर्ताओं ने बताया कि बुजुर्ग के साथ अन्याय हुआ है जिसपर मंत्री विज बोले कि ‘अनिल विज के होते किसी के साथ अन्याय नहीं हो सकता’।

गृह मंत्री अनिल विज ने अपने आवास पर सभी को भाजपा का पटका पहनाकर उनका पार्टी में स्वागत किया। भाजपा में शामिल हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि भाजपा में सभी कार्यकर्ताओं को पूरा मान-सम्मान दिया जाता है। बोह क्षेत्र से कई लोगों के पार्टी के साथ जुड़ने से पार्टी को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने नवनियुक्त कार्यकर्ताओं को पार्टी गतिविधियों में सक्रिय तौर पर हिस्सा लेने और जनहित में बेहतर कार्य करने का आह्वान किया। वहीं, भाजपा में शामिल हुए कार्यकर्ताओं ने इस अवसर पर गृह मंत्री ‘अनिल विज जिंदाबाद’ के नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने कहा गृह मंत्री अनिल विज द्वारा जो जिम्मेदारी उन्हें दी जाएगी उसका वह पूरी तरह से निर्वाह करेंगे। उन्होंने कहा मंत्री अनिल विज के बदौलत ही अम्बाला छावनी का चहुमुखी विकास हो रहा है।

इन लोगों ने भाजपा का दामन थामा

बोह से कांग्रेस युवा प्रधान भरपूर सिंह धारीवाल के अलावा कांग्रेस कार्यकर्ता राजबीर सिंह, बलजिंद्र सिंह, बचित्र सिंह, जरनैल सिंह, जगमेल सिंह, मनिंद्र सिंह, जगमेर सिंह सहित कई अन्य लोगों ने शुक्रवार भाजपा का दामन थामा। भाजपा के ग्रामीण मंडल उपप्रधान बृज भूषण कौशिक के नेतृत्व में सभी ने पार्टी का दामन थामा। इस अवसर पर ग्रामीण मंडल अध्यक्ष किरणपाल चौहान, वार्ड प्रधान मोहित कौशिक, शक्ति प्रमुख राजिंद्र राणा, बूथ प्रधान प्रेम राणा, निगरानी कमेटी सदस्य श्याम सिंह राणा सहित भाजपा नेता संजीव सोनी, रवि सहगल एवं अन्य मौजूद रहे।

गृह मंत्री की कार्यशैली से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुए : धारीवाल

भाजपा में शामिल होने वाले भरपूर सिंह धारीवाल ने बताया कि गृह मंत्री अनिल विज के नेतृत्व में समूचे अम्बाला छावनी में अब तक विकास के ढेरों कार्य हो चुके हैं जिनका जनता को लाभ मिल रहा है। कई बड़ी परियोजनाओं के अलावा अन्य ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं। बोह क्षेत्र में भी रोड, स्ट्रीट लाइट, पानी निकासी एवं अन्य कई कार्य हो चुके हैं। उनकी कार्यशैली की बदौलत ही उनके साथ अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थामा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *