April 18, 2024

जननायक जनता पार्टी के प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला ने नगर निकाय चुनाव को बीजेपी-जेजेपी गठबंधन द्वारा मिलकर लड़ने के फैसले को प्रदेश की प्रगति की गति को बढ़ाने का निर्णय बताया है। वे शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित जेजेपी प्रदेश कार्यालय पर पत्रकारों से रूबरू थे। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल गांधी की तरह हरियाणा में कांग्रेसी विधायक प्रदेश को छोड़कर लंबी छुट्टियां बिताने में व्यस्त है।

कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए जेजेपी प्रधान महासचिव ने कहा कि जिस तरह राहुल गांधी इटली, लंडन, नेपाल में घूमकर लंबी छुट्टियां मनाते है, उसी तरह हरियाणा के कांग्रेसी विधायक भी प्रदेश को छोड़कर लंबी छुट्टियां बिता रहे है। उन्होंने कहा कि ऐसे में कांग्रेस कैसे चुनाव लड़ सकती है। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि कांग्रेस की प्रवक्ताओं की लिस्ट में ही जब इतनी मारा-मारी देखने को मिली तो नगर निकाय चुनाव में 46 सीटों पर उम्मीदवार फाइनल करने के नाम पर कांग्रेस में पता नहीं क्या हो जाता।

दिग्विजय ने कहा कि इसे देखते हुए ही राहुल गांधी ने कांग्रेसी विधायकों को छुट्टियां बिताने के लिए भेज दिया है। राज्यसभा चुनाव पर दिग्विजय ने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस की हार निश्चित है और कांग्रेस यह चुनाव चार या पांच वोट से हारेगी। उन्होंने कहा कि यहां तक पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी निर्दलीय उम्मीदवार कार्तिकेय शर्मा के पक्ष में अपना मतदान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *