November 4, 2026
4 NOV 6
  • गुरुग्राम में इंजीनियर-इंस्पेक्टर की आधी सैलरी काटने के आदेश,NCR से बाहर ट्रांसफर होगा

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  गुरुग्राम में सीएम नायब सैनी जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में एक्शन मोड में नजर आए। लोगों की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए उन्होंने पटवारी मंदीप हुड्डा को सस्पेंड कर दिया।

पटवारी पर काम में गड़बड़ी और रिटायर्ड चीफ मेडिकल ऑफिसर (CMO) की बेटी से दुर्व्यवहार के आरोप लगे हैं। इसके साथ ही सीएम ने प्रॉपर्टी ID में लापरवाही पर नगर परिषद पटौदी-जटौली मंडी के म्युनिसिपल इंजीनियर (ME) और बिल्डिंग इंस्पेक्टर पर भी कार्रवाई की।

दोनों की तीन महीने की आधी सैलरी काटने के आदेश जारी किए। वहीं, मुख्यमंत्री ने सड़क मरम्मत में लापरवाही बरतने पर PWD के अधिकारी का एक महीने का वेतन काटने के निर्देश दिए।

बुधवार को हुई बैठक में कुल 15 शिकायतें रखी गईं। इनमें से 11 का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया, जबकि बाकी 4 मामलों में जांच पूरी कर अगली बैठक तक रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। वहीं, अंसल बिल्डर की जमीन पर पावर हाउस बनाने के भी निर्देश दिए।

 

पटवारी को सस्पेंड करने के पीछे ये रही वजह…

  • वारिसान सर्टिफिकेट बनवाने गई थी बेटी: एडवोकेट राजेश कुमार ने बैठक में बताया कि सेक्टर-7 निवासी रितूल यादव के पिता डॉ. केसी यादव CMO पद से रिटायर्ड थे। उनके निधन के बाद रितूल अपनी मां और भाई के साथ वारिसान सर्टिफिकेट बनवाने गई थी। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) में प्रॉपर्टी ट्रांसफर के लिए यह सर्टिफिकेट मांगा गया था।
  • पटवारी ने जानने से इनकार किया: एडवोकेट के अनुसार, जब रितूल पटवारी मंदीप हुड्डा के पास पहुंची तो उन्होंने परिवार को व्यक्तिगत तौर पर जानने से इनकार कर दिया। आरोप है कि पटवारी ने उनके साथ सही व्यवहार नहीं किया। इसके बाद एडवोकेट राजेश और पीड़ित परिवार ने बैठक में शिकायत रखी। कई अन्य लोगों ने भी पटवारी के व्यवहार को लेकर शिकायत दी।
  • CM ने दिए सस्पेंड करने के निर्देश: शिकायत सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने पटवारी मंदीप हुड्डा को सस्पेंड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा करना और उनकी समस्याओं का समाधान करना अधिकारियों की ड्यूटी है। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

दो अधिकारियों का तीन महीने का वेतन कटेगा

प्रॉपर्टी आईडी के मामले में लापरवाही बरतने पर सीएम नायब सैनी ने नगर परिषद पटौदी-जटौली मंडी के ME और बिल्डिंग इंस्पेक्टर का अगले तीन महीने तक 50% वेतन काटने के निर्देश दिए।

साथ ही दोनों की पोस्टिंग राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) से बाहर करने को कहा। वहीं, सड़क मरम्मत के काम में लापरवाही की शिकायत पर PWD के संबंधित अधिकारी का एक महीने का वेतन काटने के निर्देश दिए।

सीएम ने पावर हाउस बनाने के निर्देश दिए

मीटिंग में पायनियर इंडस्ट्रियल पार्क वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव कंवर सिंह जून ने औद्योगिक क्षेत्र में बिजली की समस्या का मुद्दा उठाया। इस पर मुख्यमंत्री ने अंसल बिल्डर की ओर से दो दिन पहले दी गई जमीन पर पावर हाउस बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक महीने के अंदर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू हो जाए।

एसोसिएशन के महासचिव कंवर सिंह ने बताया कि 33 KV सब-स्टेशन बनने से करीब 100 फैक्ट्रियों को फायदा होगा। इसके निर्माण के लिए ₹4.06 करोड़ की शेष राशि अंसल API या अंसल इंडस्ट्रियल एसोसिएशन से वसूली जानी है।