- पोर्टल अनफ्रीज करने का पत्र जारी
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में सरकारी अस्पतालों में कार्यरत स्पेशलिस्ट डॉक्टरों को पिछले 3 महीने से स्पेशलिस्ट अलाउंस नहीं मिल रहा है। डॉक्टरों को हर महीने वेतन के साथ 10,200 रुपए का स्पेशलिस्ट अलाउंस अलग से दिया जाता था, लेकिन ई-सैलरी पोर्टल में तकनीकी दिक्कत के चलते इसका भुगतान अटक गया है।
डॉक्टरों का कहना है कि इस समस्या को दूर करने के लिए ट्रेजरी एवं अकाउंट्स विभाग के महानिदेशक की ओर से 3 अगस्त 2026 को पोर्टल अनफ्रीज करने का पत्र भी जारी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद भत्ते का भुगतान शुरू नहीं हुआ है।
सोनीपत के सरकारी अस्पताल में कार्यरत विशेषज्ञ डॉक्टरों ने भी इस संबंध में उच्च अधिकारियों को ई-मेल भेजकर समस्या का समाधान करने की मांग की है।
पोर्टल में तीन अंकों की लिमिट
डॉक्टरों के अनुसार, ई-सैलरी पोर्टल में स्पेशलिस्ट अलाउंस के कॉलम में केवल तीन अंक दर्ज करने की सुविधा आ रही है, जबकि हरियाणा में विशेषज्ञ डॉक्टरों को मिलने वाला भत्ता 10,200 रुपए है। ऐसे में डीडीओ स्तर पर वेतन बिल तैयार करते समय तकनीकी समस्या सामने आ रही है। डॉक्टरों का कहना है कि पोर्टल की इस खामी को दूर नहीं किया गया, जिसके कारण भत्ते का भुगतान रुका हुआ है।
3 अगस्त को जारी हुआ था पत्र
डॉक्टरों ने बताया कि ई-सैलरी पोर्टल में समस्या आने के बाद उच्च अधिकारियों की ओर से इसे फ्रीज कर दिया गया था। इसके बाद ट्रेजरी एवं अकाउंट्स विभाग, हरियाणा के महानिदेशक ने 3 अगस्त 2026 को पोर्टल अनफ्रीज करने और लंबित भत्ते का भुगतान करने के संबंध में पत्र जारी किया था।
डॉक्टरों के अनुसार, पत्र जारी हुए करीब दो महीने बीतने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
स्वास्थ्य और ट्रेजरी विभाग को भेजी ई-मेल
मामले में सोनीपत स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स ने 15 अक्टूबर को ट्रेजरी एवं अकाउंट्स विभाग के अधिकारियों को ई-मेल भेजकर समस्या से अवगत कराया था। इसके बाद नवंबर अतिरिक्त मुख्य सचिव, स्वास्थ्य विभाग और स्वास्थ्य सेवाएं महानिदेशक को भी ई-मेल भेजा गया।
डॉक्टरों ने मांग की है कि ई-सैलरी पोर्टल में स्पेशलिस्ट अलाउंस के कॉलम की तकनीकी खामी को ठीक किया जाए, ताकि लंबित भत्ते का भुगतान हो सके।
इन विशेषज्ञ डॉक्टरों ने उठाई मांग
इस मामले में सोनीपत के सरकारी अस्पताल से जुड़े विशेषज्ञ डॉक्टरों में डॉ. विकास चहल (नेत्र रोग विशेषज्ञ), डॉ. विपिन दलाल (हड्डी रोग विशेषज्ञ), डॉ. लतिका खत्री (नेत्र रोग विशेषज्ञ), डॉ. विश्वास (हड्डी रोग विशेषज्ञ), डॉ. नितीश (एनेस्थीसियोलॉजिस्ट), डॉ. सुमन (पैथोलॉजिस्ट), डॉ. विशाल सैनी (बाल रोग विशेषज्ञ) और डॉ. अंजलि (बाल रोग विशेषज्ञ) स्पेशलिस्ट डॉक्टर हैं और उन्होंने जल्द समस्या का समाधान करने और पिछले महीनों का लंबित स्पेशलिस्ट अलाउंस जारी करने की मांग की है।