- जानिए किन मांगों पर बनी सहमति
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :
हरियाणा में रोडवेज कर्मचारियों की 5 नवंबर से प्रस्तावित 2 दिनी हड़ताल टल गई है। चंडीगढ़ में बुधवार को हरियाणा सचिवालय में यूनियन की सरकार के साथ करीब साढ़े 4 घंटे मीटिंग चली। जिसमें कई मांगों पर सहमति बनी।
मीटिंग में रोडवेज की 12 यूनियनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। संयुक्त मोर्चा ने बताया कि 8 मांगों पर चर्चा के लिए 25 नवंबर को मंत्री अनिल विज के साथ दोबारा बैठक होगी। अभी त्योहारी सीजन को देखते हुए हड़ताल टालने का फैसला लिया गया है। बसें बंद रहने से लोगों को परेशानी होती।
बता दें कि रोडवेज विभाग के कर्मचारी 2016 की भर्ती के तहत पक्का करने की मांग कर रहे हैं। तब से ही पिछले 10 साल का दिवाली बोनस देने की भी मांग है।
इससे पहले बिजली यूनियन ने 22 अक्टूबर से 3 दिन की स्ट्राइक शुरू की थी। हालांकि 45 घंटे में ही सरकार बैकफुट पर आ गई थी। जिसके बाद यूनियन की मुख्य मांग मानते हुए निजी कंपनी को बिजली सप्लाई का पैरेलल लाइसेंस देने का फैसला वापस लिया गया।
मीटिंग मे इन मांगों पर बनी सहमति:-
- बिना टिकट यात्री मिलने पर कंडेक्टर पर कार्रवाई नहीं: दूसरे राज्यों में जाने वाली बसों में जांच के दौरान कोई यात्री बिना टिकट मिलता था तो परिचालक पर कार्रवाई होती थी। विभाग ने 5 मई 2023 के इस नियम को वापस ले लिया है।
- वर्कशॉप स्टाफ को सरकारी छुट्टियां: वर्कशॉप कर्मचारियों को पहले की तरह साल में सरकारी छुट्टियां देने की मांग पर विभाग नियमों की जांच कर रिपोर्ट तैयार करेगा।
- हड़ताल के दिनों का हिसाब: कर्मचारियों की 28-29 मार्च 2022, 24 जनवरी 2024, 16 फरवरी 2024, 9 जुलाई 2024 और 12 फरवरी 2026 की हड़ताल को छुट्टी मानने पर जांच होगी। वहीं, हिसार डिपो के कर्मचारियों की 29 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक की हड़ताल को ड्यूटी मानने के मामले की भी जांच की जाएगी।
- 3 कर्मचारियों का रोहतक तबादला: कंडेक्टर दीपक व सोनू और ड्राइवर सिलक राम का मौजूदा डिपो से रोहतक डिपो में ट्रांसफर करने के लिए जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
- खाली पदों पर प्रमोशन: स्टेटेटिकल असिस्टेंट, वर्कशॉप के विभिन्न पदों, सब-इंस्पेक्टर और यार्ड मास्टर के खाली पद प्रमोशन से भरने के निर्देश दिए गए हैं। वर्कशॉप के ग्रुप-डी कर्मचारियों को भी प्रमोशन का मौका मिलेगा।
350 कर्मियों को पक्का करने की मांग
कर्मचारी यूनियनों का कहना है कि 2016 की भर्ती के तहत करीब 350 कर्मचारियों को पक्का करने की मांग है। तब से किसी कर्मचारी को बोनस नहीं मिला है। ये अब तक करीब 85 करोड़ रुपए बनता है।
रोडवेज कर्मचारी यूनियन का कहना है कि विभाग में इंस्पेक्टर के 244 और सब इंस्पेक्टर के 614 पद खाली है। वहीं, प्रदेश में कुल 4100 बसे हैं, जिसमें किलोमीटर स्कीम की करीब 900 बसें हैं।
6 लाख यात्री करते हैं रोडवेज से सफर
कर्मचारी यूनियन के अनुसार, प्रदेश में करीब 6 लाख यात्री रोजाना सफर करते हैं। त्योहारी सीजन में ये आंकड़ा दोगुना-तीन गुना भी पहुंच जाता है। वहीं, रोडवेज बसें करीब 11.38 लाख किलोमीटर का रोजना सफर करती है।
लेटर भेजकर मीटिंग में सभी यूनियनों को बुलाया
ऑल हरियाणा परिवहन कर्मचारी संघ के प्रधान अशोक खोखर ने बताया कि परिवहन विभाग के कमिश्नर अतुल द्विवेदी और डीजी निखिल गजराज के साथ बैठक हुई। इसके लिए विभाग ने प्रदेश की 12 यूनियनों को लेटर भेजा था।
उन्होंने बताया कि कर्मचारियों को 3 नवंबर को भी बातचीत के लिए बुलाया गया था, लेकिन यूनियन प्रतिनिधि बैठक में शामिल नहीं हुए थे। अब इस मीटिंग में अपनी मांगें रखने के लिए शामिल हुए।
विभाग ने 3 नवंबर को भेजा था बैठक का लेटर
परिवहन विभाग के डीजी ने 3 नवंबर को साझा मोर्चा में शामिल सभी यूनियनों को पत्र भेजा था। इसमें बताया गया है कि परिवहन मंत्री की मंजूरी के बाद पिछली बैठक का ब्योरा जारी किया जा चुका है। लेटर के अनुसार, साझा मोर्चा की सभी यूनियनों के 2-2 प्रतिनिधियों को 4 नवंबर को सुबह 11 बजे वार्ता के लिए बुलाया गया। बताया जा रहा है कि ये सभी यूनियनों के पदाधिकारी मीटिंग में शामिल हुए।