November 4, 2026
4 NOV 3
  • बहादुरगढ़ सबसे प्रदूषित,  रात में गिर रहा तापमान

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  दिवाली से पहले हरियाणा में प्रदूषण का स्तर बढ़ने से हवा की गुणवत्ता बिगड़ गई है। प्रदेश के 5 शहरों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 300 के पार पहुंच गया है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, झज्जर के बहादुरगढ़ में सबसे ज्यादा 324 AQI दर्ज किया गया। पंचगांव (गुरुग्राम) में 320, बल्लभगढ़ में 319, मानेसर में 309 और गुरुग्राम में 305 AQI रहा। इन सभी शहरों में हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है। वहीं अंबाला, करनाल, रोहतक समेत 7 शहरों में हवा खराब श्रेणी में दर्ज की गई।

दूसरी ओर नवंबर की शुरुआत के साथ प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट का दौर जारी है, लेकिन दिन में अभी गर्मी का असर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री गुरुग्राम में दर्ज किया गया, जबकि सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री हिसार में रहा।

AQI 300 पार होने पर हवा बेहद खराब

AQI के मानकों के अनुसार 201 से 300 तक का स्तर खराब और 301 से 400 तक का स्तर बेहद खराब माना जाता है। खराब श्रेणी की हवा में लंबे समय तक रहने पर सांस लेने में परेशानी हो सकती है। वहीं बेहद खराब श्रेणी में सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों के साथ स्वस्थ लोगों को भी परेशानी हो सकती है।

दिन-रात के तापमान में 18 डिग्री से ज्यादा अंतर

मौसम के आंकड़ों के अनुसार हिसार में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री रहा। सिरसा में 31.2, भिवानी में 31.3 और चरखी दादरी में 30.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 14.1, नारनौल में 14.5, पंचकूला में 14.7 और करनाल में 14.9 डिग्री रहा।

इससे साफ है कि रात में ठंडक बढ़ने लगी है, लेकिन दोपहर में तापमान 30 डिग्री से ऊपर रहने के कारण गर्मी का अहसास बना हुआ है।

नवंबर में कम बारिश के आसार

मौसम केंद्र चंडीगढ़ के पूर्वानुमान के मुताबिक, नवंबर में हरियाणा के ज्यादातर हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। वहीं, प्रदेश में दिन का अधिकतम और रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है। यानी इस बार नवंबर में ठंड बढ़ने की रफ्तार सामान्य से धीमी रहने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर के शुरुआती सप्ताह में भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। 3 से 9 नवंबर तक बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। इस दौरान मौसम साफ रहने के आसार हैं।