August 22, 2026
22 aug 8
  • मतदाता सूची सुधार का मौका, AERO करेंगे औचक निरीक्षण

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त ने सभी निर्वाचन पंजीयन अधिकारियों, सुपरवाइजरों और बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को मतदान केंद्रों पर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। निर्धारित अभियान दिवसों पर बीएलओ सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे।

एईआरओ (AERO) द्वारा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया जाएगा। गैर-हाजिर रहने वाले बीएलओ पर की गई अनुशासनात्मक कार्रवाई की रिपोर्ट जिला निर्वाचन कार्यालय को भेजी जाएगी। जारी किए गए नोटिस के संबंध में मतदाता अपना जवाब और आवश्यक दस्तावेज बीएलओ के पास जमा करा सकते हैं।

हिसार डीसी ने बीएलओ को दिए आदेश

हिसार डीसी महेंद्र पॉल ने सुपरवाइजर व बीएलओ को निर्देश देते हुए कहा कि वे इन सभी दिनों में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मौजूद रहकर मतदाताओं से प्राप्त दावों एवं आपत्तियों को नियमानुसार दर्ज करें।

इस दौरान एसआईआर को लेकर जारी नोटिस के संबंध में मतदाता अपना जवाब व दस्तावेज दे सकेंगे। बीएलओ नोटिस के निपटान की दिशा में भी गंभीरता से कार्यवाही करेंगे। इन तिथियों के दौरान एईआरओ द्वारा मतदान केंद्रों की चेकिंग की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि संबंधित बीएलओ मौके पर उपस्थित हैं या नहीं।

चेकिंग रिपोर्ट तथा अनुपस्थित पाए गए बीएलओ के खिलाफ की गई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रत्येक अभियान दिवस के अगले दिन जिला निर्वाचन कार्यालय को ई-मेल के माध्यम से अनिवार्य रूप से भेजनी होगी।

मतदाता सेवाएं और संबंधित फॉर्म

फॉर्म नंबर-6: 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के नए मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

फॉर्म नंबर-7: स्थानांतरित या मृत मतदाताओं का नाम सूची से हटवाने के लिए।

फॉर्म नंबर-8: नाम, पता, आयु में सुधार या निवास स्थान परिवर्तन के लिए।

घर बैठे भी लाभ उठा सकते हैं

नागरिक घर बैठे भी मतदाता सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के लिए राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल (NVSP) का उपयोग किया जा सकता है। मोबाइल ऐप के जरिए आवेदन के लिए Voter Helpline App का इस्तेमाल करें।

किसी भी प्रकार की सहायता, जानकारी या प्रश्नों के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय के हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। जिला प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, गैर-सरकारी संगठनों और आम नागरिकों से इस अभियान में भाग लेने की अपील की है ताकि मतदाता सूची को सटीक और मजबूत बनाया जा सके।