November 21, 2026
21 nov 9
  • 2 दिन पहले ₹10 लाख लेते पकड़ा था

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  पंचकूला में 10 लाख रुपए की रिश्वत लेते पकड़े गए सेंट्रल गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (CGST) सुपरिंटेंडेंट लवकुश कुमार के घर से CBI को करीब 1.86 करोड़ रुपए मूल्य की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण/ईंटें और विदेशी करंसी मिली है।

इसके अलावा आरोपी अधिकारी और उसके परिजनों के नाम पर बेनामी संपत्तियों, बैंक खातों और निवेश से जुड़े कई अहम दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।

CBI ने 20 नवंबर को आरोपी के घर छापेमारी की थी। एजेंसी ने शनिवार को प्रेस रिलीज जारी कर इसकी आधिकारिक जानकारी दी।

CBI द्वारा जारी तस्वीर में 100 रुपए की 8, 200 रुपए की 5, 500 रुपए की 30 और विदेशी करंसी की 5 गड्डियां दिखाई दे रही हैं।

प्रेस रिलीज के मुताबिक, छापेमारी में 24.29 लाख रुपए की भारतीय करंसी और 15.65 लाख रुपए मूल्य की विदेशी करंसी मिली है। वहीं, बरामद सोने-चांदी की कुल कीमत करीब 1.46 करोड़ रुपए बताई गई है।

फिलहाल जांच एजेंसी बरामद दस्तावेजों के आधार पर आरोपी और उसके परिवार की संपत्तियों व वित्तीय लेनदेन की गहन जांच कर रही है।

जुर्माने से बचाने का भरोसा देकर मांगी थी रिश्वत

CBI के अनुसार, एक निजी फर्म के खिलाफ GST की कार्रवाई चल रही थी। इसी मामले में फर्म के पार्टनर ने CGST सुपरिंटेंडेंट लवकुश के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत दी थी।

शिकायतकर्ता का आरोप था कि आरोपी ने GST कार्रवाई में फर्म को राहत दिलाने, भारी पेनल्टी नहीं लगाने और आगे कोई डिमांड नोटिस जारी नहीं करने के बदले 50 लाख रुपए मांगे थे।

50 लाख की मांग घटाकर 20 लाख की, फिर 25 मांगे

शिकायत मिलने के बाद CBI ने 19 नवंबर को केस दर्ज कर आरोपों का वेरिफिकेशन किया। इस दौरान सामने आया कि आरोपी ने पहले 50 लाख रुपए की रिश्वत की मांग घटाकर 20 लाख रुपए कर दी थी। हालांकि, वेरिफिकेशन के दौरान उसने फिर अपनी मांग बढ़ाकर 25 लाख रुपए कर दी। वह पहली किस्त के तौर पर 10 लाख रुपए लेने को तैयार हो गया था।

10 लाख लेते ही CBI ने दबोचा, पूरी रकम बरामद

CBI की टीम ने 19 नवंबर को पंचकूला में ट्रैप लगाया। शिकायतकर्ता ने जैसे ही आरोपी सुपरिंटेंडेंट को 10 लाख रुपए दिए, टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। मौके से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली गई। इसके बाद आरोपी से पूछताछ की गई और मामले की जांच शुरू की गई।

परिजनों के नाम पर वाहनों का रिकॉर्ड भी जब्त

20 नवंबर को आरोपी के घर छापेमारी के दौरान नकदी और जेवरात के अलावा CBI को 6 बैंक खातों, निवेश पोर्टफोलियो, जीवन बीमा पॉलिसियों और कई अचल संपत्तियों के दस्तावेज मिले। टीम ने आरोपी और उसके परिजनों के नाम पर रजिस्टर्ड वाहनों के साथ वित्तीय लेनदेन का रिकॉर्ड भी जब्त किया है। CBI इन दस्तावेजों की जांच कर आरोपी की संपत्तियों और आय के स्रोतों का पता लगा रही है।