November 21, 2026
21 nov 6
  • 96 कमरे और 2 रेस्टोरेंट; CM आज करेंगे शिलान्यास

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  देवउठनी एकादशी के बाद शुक्रवार से शुभ और मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो गई है। इसी के साथ कुरुक्षेत्र में विकास के एक बड़े प्रोजेक्ट की नींव रखी जाएगी। CM नायब सिंह सैनी शनिवार को कुरुक्षेत्र दौरे पर हैं।

इस दौरान वे ब्रह्मसरोवर के दक्षिण गेट के पास करीब 120 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले नए PWD रेस्ट हाउस का शिलान्यास करेंगे। इससे पहले हवन-यज्ञ चल रहा है, जिसमें सीएम आहुति डाल रहे हैं। इसके बाद भूमि पूजन किया जाएगा।

6.2 एकड़ में बनेगा सर्किट हाउस

यह रेस्ट हाउस 6.2 एकड़ जमीन पर तैयार होगा। इसमें 96 कमरे, ब्रह्मसरोवर के नजारे वाले 2 रेस्टोरेंट, 500 लोगों की क्षमता वाला एग्जीबिशन हॉल और करीब 400 गाड़ियों की पार्किंग होगी।

फायर डिपार्टमेंट को मिलेंगी 26 गाड़ियां

इसी कार्यक्रम में CM फायर डिपार्टमेंट को मिलने वाली 26 नई गाड़ियों को भी हरी झंडी दिखाकर अलग-अलग जिलों के लिए रवाना करेंगे। इसके बाद वे ज्योतिसर तीर्थ पहुंचेंगे।

यहां 5 दिसंबर से शुरू होने वाले अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव (IGM) लेकर प्रेस वार्ता करेंगे। मुख्यमंत्री का कुरुक्षेत्र में तीसरा कार्यक्रम गुरुद्वारा उदासी ब्रह्म अखाड़ा साहिब मांडी में आयोजित समागम में शामिल होने का है।

सर्किट हाउस का डिजाइन होगा खास

ब्रह्मसरोवर के दक्षिण गेट के पास बनने वाले इस रेस्ट हाउस की सबसे खास बात इसका डिजाइन होगा। DC विश्राम कुमार मीणा के मुताबिक CM ने खुद इसके डिजाइन को देखने के बाद मंजूरी दी है।

सर्किट हाउस इंटीग्रेटेड डिजाइन के रूप में तैयार होगा। रेस्ट हाउस से ब्रह्मसरोवर का सुंदर नजारा दिखाई देगा। दो रेस्टोरेंट एक ग्राउंड फ्लोर और दूसरा सबसे ऊपर की मंजिल बनेगा, ताकि पर्यटक और मेहमान ब्रह्मसरोवर का नजारा देख सकें।

500 लोगों का एग्जीबिशन हॉल

रेस्ट हाउस को केवल ठहरने तक सीमित नहीं रखेगा। यहां सरकारी और दूसरे आयोजनों के लिए भी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके लिए 500 लोगों की क्षमता वाला बड़ा एग्जीबिशन हॉल बनाया जाएगा।

इसके अलावा 200 और 50 लोगों की क्षमता वाले 2 कॉन्फ्रेंस हॉल भी होंगे। इनमें सरकारी बैठकें, कॉन्फ्रेंस और दूसरे कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। साथ ही करीब 100 लोगों के ठहरने की व्यवस्था भी होगी।

5 से 25 दिसंबर तक चलेगा IGM

कुरुक्षेत्र दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ज्योतिसर तीर्थ भी जाएंगे। यहां वे IGM को लेकर प्रेस वार्ता करेंगे। महोत्सव 5 दिसंबर से 25 दिसंबर तक सरस एवं क्राफ्ट मेला लगेगा। 14 से 20 दिसंबर तक मुख्य कार्यक्रम होंगे।

अंबाला में राम मंदिर परिसर का शिलान्यास

इसके बाद CM नायब सिंह सैनी अंबाला जाएंगे। यहां जीटी रोड पर श्री राम मंदिर परिसर के निर्माण के लिए भूमि पूजन और शिलान्यास करेंगे। रात को वे सिरसा रेस्ट हाउस में रुकेंगे।