November 21, 2026
21 nov 11
  • कुरुक्षेत्र में 70 देशों के स्टूडेंट्स को जोड़ने की तैयारी, CM सैनी ने रखी नींव

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर पर आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव (IGM) इस बार केवल धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित नहीं रहेगा। इसके जरिए हरियाणा दूसरे देशों के साथ व्यापार और निवेश के रिश्ते भी मजबूत करने की तैयारी में है।

खासतौर पर अफ्रीकी देशों के साथ सहयोग बढ़ाने के लिए 16 दिसंबर को ज्योतिसर में अफ्रीका-हरियाणा कॉन्क्लेव आयोजित किया जाएगा। इसमें अफ्रीकी देशों के प्रतिनिधियों, हरियाणा के उद्योगपतियों, विदेशों में कारोबार कर रहे भारतीय उद्योगपतियों और इंडस्ट्री एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को बुलाया जाएगा।

सर्किट हाउस की रखी नींव

ये बातें CM नायब सैनी ने शनिवार को महाभारत अनुभव केंद्र ज्योतिसर के परिसर में प्रेस कॉन्फेंस में कही। CM ने कहा कि यहां व्यापार, निवेश और आपसी सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा होगी। इससे पहले उन्होंने ब्रह्मसरोवर के दक्षिणी गेट पर करीब 120 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले PWD रेस्ट हाउस (सर्किट हाउस) का शिलान्यास किया।

CM ने भूमि पूजन कर नींव रखी और हवन यज्ञ में आहुति डाली। CM ने अलग-अलग जिलों के लिए 26 नई फायर ब्रिगेड गाड़ियों का लोकार्पण भी किया। इसके बाद उन्होंने गीता उपदेश स्थली ज्योतिसर में गीता उपदेश स्थली और साक्षी वट वृक्ष पर माथा टेका।

14 को आएंगे मॉरीशस के राष्ट्रपति

CM ने बताया कि इस साल महोत्सव 5 से 25 दिसंबर तक 21 दिन चलेगा। मॉरीशस के राष्ट्रपति धर्म गोखूल 14 दिसंबर को ब्रह्मसरोवर पर गीता यज्ञ और पूजन के साथ महोत्सव का विधिवत शुभारंभ करेंगे।

मुख्य कार्यक्रम के दाैरान पश्चिम बंगाल के CM शुभेंदु अधिकारी भी शिरकत करेंगे। इस दौरान पश्चिम बंगाल और दिल्ली स्टेट पार्टनर के रूप में शामिल होंगे। दोनों राज्यों की संस्कृति, खान-पान और परंपराओं को दर्शाने के लिए विशेष सांस्कृतिक पवेलियन बनाए जाएंगे।

अफ्रीकी देशों के साथ व्यापार-निवेश पर चर्चा

CM ने बताया कि विदेश मंत्रालय लगातार दूसरे देशों के साथ संपर्क और सहयोग बढ़ाने पर काम कर रहा है। इस बार अफ्रीकी देशों के राजदूतों और प्रतिनिधियों को भी महोत्सव में आमंत्रित किया जा रहा है। इन देशों को निमंत्रण भेजा जाएगा।

CM ने बताया कि 14 दिसंबर को कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में 3 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय गीता सेमिनार शुरू होगा। इसमें 16 देशों के विद्वान शामिल होंगे। देश-विदेश के गीता विशेषज्ञ और शोधार्थी ऑनलाइन भी अपने शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे।

इस बार 70 से अधिक देशों के स्टूडेंट्स को गीता महोत्सव से जोड़ने की तैयारी है। इंडियन काउंसिल फॉर कल्चरल रिलेशंस (ICCR) की ओर से विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इंडोनेशिया, स्लोवाकिया समेत 5 देशों के ग्रुपों के स्टूडेंट्स गीता पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।

5 दिसंबर से ब्रह्मसरोवर पर लगेगा मेला

महोत्सव की शुरुआत 5 दिसंबर को ब्रह्मसरोवर के तट पर शिल्प और सरस मेले के साथ होगी। यह मेला 25 दिसंबर तक चलेगा। इसमें देशभर के कलाकार और शिल्पकार अपनी कला और उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। 18 से अधिक देशों के शिल्पकारों की भागीदारी भी रहेगी।

4 दिसंबर को ज्योतिसर से सरस्वती सेतु पुल, पिपली तक श्रीमद्भगवद्गीता यात्रा निकाली जाएगी। 5 दिसंबर को गीता रन कार्यक्रम होगा। 13 दिसंबर को संत सम्मेलन होगा, जिसमें देश के प्रमुख संत गीता और आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा करेंगे।

48 कोस के तीर्थों पर होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

CM ने बताया कि 10 से 20 दिसंबर तक 48 कोस कुरुक्षेत्र भूमि के प्रमुख तीर्थों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। ब्रह्मसरोवर के पुरुषोत्तमपुरा बाग में शाम को गीता, महाभारत और भगवान श्रीकृष्ण पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।

2 से 19 दिसंबर तक ज्योतिसर से गीता ज्योति यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा 48 कोस कुरुक्षेत्र के 182 तीर्थों तक पहुंचेगी। ज्योतिसर तीर्थ पर रोजाना आरती, लाइट एंड साउंड शो और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इस बार NIT और श्री कृष्ण आयुष यूनिवर्सिटी में भी गीता को लेकर कार्यक्रम होंगे।

19 को अखिल भारतीय देवस्थानम् सम्मेलन

19 दिसंबर को अखिल भारतीय देवस्थान सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें देश की विभिन्न संस्थाओं के प्रमुखों के साथ 20 से अधिक देशों के संत भी शामिल होंगे। 22 दिसंबर को बलराम कुश्ती दंगल होगा।

20 दिसंबर को थीम पार्क में 27 हजार स्टूडेंट्स की मौजूदगी में गीता का वैश्विक पाठ होगा। इसके अलावा एक लाख से अधिक स्टूडेंट्स ऑनलाइन माध्यम से जुड़ेंगे। साथ ही गीता शोभायात्रा निकाली जाएगी।

कल से ऑनलाइन गीता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता

CM ने बताया कि 22 नवंबर से 4 दिसंबर तक ऑनलाइन गीता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें स्टूडेंट्स के साथ आम लोग भी हिस्सा ले सकेंगे। 17 से 19 दिसंबर तक सन्निहित सरोवर और ब्रह्मसरोवर पर स्टूडेंट्स के लिए गीता श्लोक वाचन, निबंध लेखन, चित्रकला, रंगोली और क्राफ्ट प्रतियोगिताएं होंगी।

वायुसेना और ISRO की उपलब्धियां भी दिखाई जाएंगी

इस बार महोत्सव में भारतीय वायुसेना और ISRO की विशेष प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इनके माध्यम से देश की रक्षा और अंतरिक्ष क्षेत्र की उपलब्धियों को दिखाया जाएगा। पहली बार महात्मा बुद्ध पर अंतरराष्ट्रीय सेमिनार होगा।

बंगाल में भी हाेंगे गीता कार्यक्रम

कॉन्फ्रेंस में पश्चिम बंगाल के राज्यमंत्री उमेश राय ने आरोप लगाया कि बंगाल में 15 साल तक खुद धर्मनिरपेक्ष दिखाने वाली सरकार ने धर्म को कुलचने का काम किया। साल 2024 में पहली बार कलकत्ता गीता पाठ का आयोजन हुआ। इस बार 15 लाख से ज्यादा लोग इसमें हिस्सा लेंगे, जिसमें RSS के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत भी रहेंगे।