August 22, 2026
22 aug 7
  • स्कूल के राशन में कीड़े मिलने का मामला वीडियो जारी, 2 कुक भी हटाए

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  भिवानी जिले के गांव सांगवान स्थित सरकारी स्कूल के राशन में कीड़े मिलने के मामले में शिक्षा विभाग भी सख्त हो गया और एक्शन लिया। भिवानी के जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी (DEEO) विनय कुमार जिंदल ने लापरवाही को लेकर एक टीचर को सस्पेंड कर दिया और दूसरे को शोकॉज नोटिस दिया गया है।

इसके अलावा 2 कुक को भी हटाया गया है। इधर, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की टीम ने टीचर व कुक पर की गई कार्रवाई गलत है। कार्रवाई की बजाय व्यवस्था सुधारनी चाहिए।

प्राइमरी स्कूल की वीडियो जारी

बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की टीम ने ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत सांगवान गांव के प्राइमरी स्कूल की वीडियो जारी की। जिसमें राशन में कीड़े-सुरसरी चलते दिख रहे हैं। कमरों की दीवारों में बड़ी दरारें हैं और टॉयलेट बेहद खराब हालात में दिख रहे हैं।

टीम के सदस्य लोकेश ने बताया कि हरियाणा के स्कूल ठीक करो अभियान के तहत स्कूलों में जाकर स्थिति देखी जा रही है। 18 अगस्त को इस प्राइमरी स्कूल में पहुंचे थे।

टीचर को सस्पेंड करना समाधान नहीं- सीजेपी सदस्य

डीईईओ विनय कुमार ने बताया कि मामले में लापरवाही बरतने पर एक टीचर को सस्पेंड किया गया है, वहीं एक टीचर को शोकॉज नोटिस दिया गया। इसके अलावा 2 कुक को हटाया गया है। वहीं सीजेपी सदस्य लोकेश ने कहा कि किसी टीचर को सस्पेंड करना इसका समाधान नहीं है, इस तरह स्कूल खाली हो जाएंगे। इस समस्या का समाधान करना चाहिए ना कि किसी को सस्पेंड।

स्कूल में 40 बच्चों पर 3 टीचर

सीजेपी द्वारा जारी वीडियो में फर्श पर बिखरे गेहूं में सुरसरी घूमती दिखी। पॉलीथीन में पड़ी मूंगफली के दानों में चींटियां दिखी। टॉयलेट पर नॉट इन यूज लिखकर खानापूर्ति कर दी गई। यह फीमेल का टॉयलेट है। इसके बाद दूसरे टॉयलेट दिखाते हैं जिसकी छत व दीवारें टूटी हुईं हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल की दीवारों में दरार आई हुई थी।

बता दें कि गांव सांगवान के प्राइमरी स्कूल में 40 विद्यार्थी पढ़ते हैं। इनको पढ़ाने के लिए स्कूल में 3 टीचर्स हैं। जिनमें से 2 की एसआईआर में ड्यूटी लगी है। ऐसे में 1 टीचर के जिम्मे ही स्कूल की सारी जिम्मेदारी आई हुई है।