August 13, 2026
13 aug 13
  •  24 को जारी होगी पहली मेरिट लिस्ट

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा उच्चतर शिक्षा विभाग ने एमए, एमकॉम, एमएससी सहित स्नातकोत्तर (PG) कक्षाओं में दाखिले के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब विद्यार्थी 21 अगस्त तक आवेदन कर सकेंगे। विभाग ने दाखिलों का नया शेड्यूल जारी किया है।

राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू महाविद्यालय, झज्जर के जनसंचार विभागाध्यक्ष और मीडिया प्रभारी डॉ. अमित भारद्वाज ने बताया कि इच्छुक छात्र उच्चतर शिक्षा विभाग के एडमिशन पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन फॉर्म में संशोधन 22 अगस्त तक किया जा सकता है।

23 अगस्त तक होगा दस्तावेजों का सत्यापन

दस्तावेजों का ऑनलाइन सत्यापन 23 अगस्त तक होगा। इसके लिए छात्रों को कॉलेज जाने की आवश्यकता नहीं है। यदि किसी आवेदन में कोई आपत्ति (ऑब्जेक्शन) पाई जाती है, तो इसकी सूचना पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से दी जाएगी। आवेदक को आपत्ति दूर कर ऑनलाइन फॉर्म में आवश्यक संशोधन करना होगा।

पहली अंतिम मेरिट सूची 24 अगस्त को जारी की जाएगी। इस सूची में चयनित विद्यार्थी 25 अगस्त से 27 अगस्त तक अपनी फीस जमा कर सकेंगे।

मेरिट सूची के आधार पर दाखिले पूरे होने के बाद, रिक्त सीटों को भरने के लिए ओपन काउंसलिंग 28 अगस्त से शुरू होगी। नए आवेदनों के लिए एडमिशन पोर्टल 29 अगस्त से फिर से खुलेगा।

विलंब से फार्म भरने पर लगेगा शुल्क

30 अगस्त से 5 सितंबर तक 100 रुपए विलंब शुल्क (लेट फीस) के साथ दाखिले किए जाएंगे। इसके बाद, 6 सितंबर से 12 सितंबर तक 100 रुपए विलंब शुल्क के अतिरिक्त 100 रुपए प्रतिदिन अतिरिक्त शुल्क देना होगा।

आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों में फोटो और हस्ताक्षर की स्कैन कॉपी, मैट्रिक, बारहवीं और स्नातक कक्षाओं के प्रमाण पत्रों की प्रतियां, मूल चरित्र प्रमाण पत्र, परिवार पहचान पत्र और आरक्षण संबंधी प्रमाण पत्र शामिल हैं। हरियाणा के सभी विद्यार्थियों के लिए परिवार पहचान पत्र अनिवार्य है।

दाखिले मेरिट के आधार पर होंगे, जिसमें स्नातक के अंकों और निर्धारित वेटेज को जोड़ा जाएगा। विद्यार्थी जिस कॉलेज को अपनी पहली पसंद के रूप में चुनेंगे, वहीं उनके दस्तावेजों का ऑनलाइन सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन प्रक्रिया के लिए भी विद्यार्थियों को कॉलेज जाने की आवश्यकता नहीं होगी।