- निदेशालय ने DEEO से मांगी रिपोर्ट, अफसरों पर 50 हजार जुर्माने की चेतावनी
हरियाणा ब्रेेकिंग न्यूज : हरियाणा के सरकारी स्कूलों में कार्यरत टीचरों के लंबित एसीपी (सुनिश्चित करियर प्रगति) मामलों को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि तय समय पर कंप्लायंस रिपोर्ट और शपथ पत्र दाखिल नहीं करने पर जिम्मेदार अधिकारी पर 50 हजार रुपए का व्यक्तिगत जुर्माना लगाया जाएगा। यह राशि अधिकारी की जेब से वसूली जाएगी।
हाईकोर्ट की सख्ती के बाद मौलिक शिक्षा निदेशालय हरकत में आ गया है। निदेशालय ने प्रदेश के सभी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों (DEEO) को ‘अति आवश्यक’ श्रेणी का रिमाइंडर पत्र जारी किया है। इसमें तत्काल प्रभाव से लंबित एसीपी मामलों का पूरा ब्यौरा मांगा गया है।
निदेशालय ने अधिकारियों को रिपोर्ट भेजने के लिए टॉप प्रायोरिटी पर काम करने के निर्देश दिए हैं। हाईकोर्ट में मामले की अगली सुनवाई 25 नवंबर 2026 को होनी है। निदेशालय ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि रिपोर्ट भेजने में देरी के कारण कोई प्रतिकूल टिप्पणी या आर्थिक जुर्माना लगता है तो संबंधित जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे।
डेडलाइन बीती, फिर भी जिलों से नहीं आई रिपोर्ट
निदेशालय के पत्र के अनुसार, ‘स्वाति देवी बनाम हरियाणा राज्य व अन्य’ (CWP-26630-2026) मामले में हाईकोर्ट ने 28 अक्टूबर 2026 को आदेश पारित किए थे। इसके अनुपालन में निदेशालय ने 6 नवंबर को सभी जिलों को पत्र जारी किया था।
इसमें PRT, C&V, TGT और ESHM कैटेगरी के लंबित एसीपी मामलों की पूरी सूची निर्धारित प्रोफार्मा और एफिडेविट के साथ 11 नवंबर तक मांगी गई थी। समय सीमा बीतने के बाद भी जिलों से रिपोर्ट नहीं भेजी गई, जिस पर निदेशालय ने गंभीर चिंता जताई है।
25 नवंबर को सुनवाई, अब अतिरिक्त समय नहीं मिलेगा
हाईकोर्ट में अगली सुनवाई 25 नवंबर 2026 को निर्धारित है। कोर्ट में जवाब दाखिल करने के लिए समय की कमी को देखते हुए निदेशालय ने सभी अधिकारियों को इस काम को टॉप प्रायोरिटी पर लेने के निर्देश दिए हैं।
पत्र में दो-टूक चेतावनी दी गई है कि अब किसी भी परिस्थिति में अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा। रिपोर्ट भेजने में देरी के कारण हाईकोर्ट की ओर से प्रतिकूल टिप्पणी की जाती है या आर्थिक जुर्माना लगाया जाता है तो इसके लिए संबंधित जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे।