August 13, 2026
13 aug 15
  • पंजाब के हिंदू नेता के खिलाफ प्रदर्शन, स्कूल में फंसे बच्चे
  • कई वाहन टूटे, 5 हाईवे प्रभावित

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : पंजाब के हिंदू नेता गुरसिमरन सिंह मंड के खिलाफ कार्रवाई की मांग का मामला गरमा गया है। गुरुवार को काफी संख्या में जुटी सिख संगत ने पहले गुरुद्वारा श्री पंजोखरा साहिब में बैठक की। इसके बाद काफी संख्या में लोग नेशनल हाईवे पर पहुंच गए और जाम लगा दिया।

इस दौरान पुलिस ने रोकने की कोशिश की, लेकिन बोले-सो निहाल का उद्घोष करते हुए भीड़ नहीं रुकी। अंबाला-नारायणगढ़ रोड नेशनल हाइवे-7 पर जाम की स्थिति पैदा हो गई है। भीड़ को तीतर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़ दिए। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली-अमृतसर NH-44 को दोनों तरफ से जाम कर दिया।

हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से लंबा जाम लग गया। प्रदर्शन कर रहे सिख समाज की मांग है कि गुरसिमरन सिंह मंड के साथ मारपीट के मामले में गिरफ्तार किए गए युवाओं को रिहा किया जाए और गुरसिमरन सिंह मंड के खिलाफ FIR दर्ज की जाए। सिख समाज का कहना है कि जब तक उनकी दोनों मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक हाईवे जाम नहीं खोला जाएगा।

उधर, हाईवे पर स्थित एनसीसी स्कूल प्रबंधन ने हंगामे को देखते हुए छुट्टी रोक दी गई, जिससे बच्चे अंदर ही फंस गए। बच्चों को लेकर चिंतित अभिभावक लगातार फोन करते रहे। फिलहाल पंजोखरा साहिब से लेकर NH-44 तक तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। पांच हाईवे जांच प्रभावित है। पुलिस प्रशासन की ओर से स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं।

क्या है पूरा मामला और क्यू भड़की है भीड़…

  • सात अगस्त को हिंदू नेता को दौड़ाकर पीटा था : बता दें कि इंटरनेशनल एंटी खालिस्तान टेरेरिस्ट फ्रंट के अध्यक्ष मंड 7 अगस्त को अपनी Y+ सिक्योरिटी के साथ गुरुद्वारा पंजोखरा साहिब में पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद खड़ा हुआ। आरोप है कि मंड की गाड़ी ने संगत को टक्कर मारी। इससे गुस्साई भीड़ और निहंगों ने मंड को सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा था। इनोवा गाड़ी को तोड़ दिया था।
  • पुलिस कार्रवाई के खिलाफ सिख संगत की बैठक हुई : गुरुद्वारा श्री पंजोखरा साहिब में सिख संगत की बैठक हुई। इसमें हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य और विभिन्न जत्थेबंदियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। सदस्यों का आरोप है कि गुरसिमरन सिंह मंड की शिकायत पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की, जबकि गुरुद्वारा प्रबंधन की शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
  • मंड की गाड़ी से हादसे की जांच की भी मांग : बैठक में कहा गया कि उस दिन मंड की गाड़ी से हादसा हुआ। इनोवा को मंड का बेटा भवजोत सिंह चला रहा थे। संगत ने इस मामले की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। गुरुद्वारे के आसपास एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
  • बैठक में सांसद अमृतपाल के पिता भी पहुंचे : बैठक में पंजाब के खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह और माता बलविंदर कौर पहुंचे। HSGMC अध्यक्ष जगदीश सिंह झींडा, उपाध्यक्ष गुरबीर सिंह तलाकौर, बलविंदर सिंह भिंडर, रुपिंदर सिंह, रुपिंदर सिंह लाडी, सुखदेव सिंह, गुरतेज सिंह, गुरजीत सिंह धमोली, हरिंदर सिंह राछेड़ी, निर्मल सिंह जौला और बलकार सिंह मर्दों साहिब मौजूद रहे।

अंबाला के पंजोखरा साहिब में 7 अगस्त को खालिस्तान विरोधी नेता गुरसिमरन सिंह मंड पर हमला हुआ था। मंड गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने पहुंचे थे, जहां विवाद के बाद भीड़ ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में मंड समेत चार लोग घायल हुए, जबकि उनकी कार में भी तोड़फोड़ की गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंड गाड़ी से निकलकर खेतों की तरफ भागे थे। उन्हें पीटने पीछे-पीछे कुछ निहंग भी घोड़े पर सवार होकर पहुंच गए। उन्होंने फिर पीटना शुरू कर दिया। तभी पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर मंड को बचाया। घटना के वायरल वीडियो में गुरसिमरन सिंह मंड को हमलावर भीड़ से हाथ जोड़कर और पैर पकड़कर माफी मांगते हुए देखा गया था।