August 13, 2026
13 aug 9
  •  रिसर्च स्कॉलर्स से संवाद कर सम्मानित भी करेंगे

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  सोनीपत में सीएम नायब सिंह सैनी आज 13 अगस्त को दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी), मुरथल का दौरा करेंगे। सीएम विश्वविद्यालय परिसर में आयशर लैब का उद्घाटन करेंगे।

इसके बाद विश्वविद्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में रिसर्च स्कॉलर्स को सम्मानित करने के साथ उन्हें संबोधित करेंगे। सीएम के दौरे को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

सीएम के कार्यक्रम को लेकर एसडीएम सुभाष चंद्र ने बुधवार को डीसीआरयूएसटी मुरथल पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों के साथ कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा

एसडीएम सुभाष चंद्र ने विश्वविद्यालय के कुलपति श्रीप्रकाश सिंह और रजिस्ट्रार डॉ. अमित कुमार कंबोज सहित संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का समय पर निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि सीएम का कार्यक्रम व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

पार्किंग से लेकर सुरक्षा तक व्यवस्थाओं की जांच

एसडीएम ने कार्यक्रम स्थल पर बैठने की व्यवस्था, मंच, प्रवेश और निकास, पार्किंग, सुरक्षा, पेयजल, बिजली, साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सीएम के कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों, रिसर्च स्कॉलर्स और अन्य प्रतिभागियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

रिसर्च स्कॉलर्स को सम्मानित करेंगे सीएम

सीएम नायब सिंह सैनी विश्वविद्यालय के रिसर्च स्कॉलर्स को सम्मानित करेंगे। इस दौरान वे शोधार्थियों से संवाद भी करेंगे और उन्हें शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे। शोधार्थियों के लिए सीएम के हाथों सम्मानित होना कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेगा।

विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए अहम होगी आयशर लैब

डीसीआरयूएसटी में स्थापित की जा रही आयशर लैब का आज सीएम उद्घाटन करेंगे। यह लैब विद्यार्थियों और शोधार्थियों को आधुनिक तकनीक, प्रयोगात्मक शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को तकनीकी क्षेत्र में व्यावहारिक ज्ञान हासिल करने का अवसर मिलेगा।