- जल्द ऑनलाइन आवेदन शुरू होंगे
हरियाणा ब्रेेकिंग न्यूज : हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) 26 और 27 दिसंबर को होगी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) ने परीक्षा कराने के लिए डिपार्टमेंट ऑफ स्कूल एजुकेशन (DSE) को प्रस्ताव भेजा था, जिसे मंजूरी मिल गई।
परीक्षा का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए जल्द ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके बाद इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन कर परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
चेयरमैन बोले- तीन शिफ्टों में एग्जाम होगा
शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. शंकर धूपड़ ने कहा कि HTET की तारीख फाइनल हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी इसे ध्यान में रखते हुए अपनी तैयारी जारी रखें। पहले की तरह 26 दिसंबर को शाम की शिफ्ट में और 27 दिसंबर को सुबह व शाम, दोनों शिफ्ट में परीक्षा होगी।
HTET से जुड़े 10 जरूरी सवालों के जवाब…
1. क्या HTET पास होना नौकरी की गारंटी है?
जवाब: नहीं। HTET पास करने के बाद अभ्यर्थी शिक्षक पद की पात्रता हासिल करता है। नौकरी के लिए संबंधित पद की शैक्षणिक योग्यता, भर्ती के सेवा नियम और नियुक्ति प्राधिकरण की अन्य शर्तें पूरी करना जरूरी है।
2. एक बार HTET पास किया तो कितने साल मान्य रहेगा?
जवाब: अब HTET सर्टिफिकेट की वैधता लाइफटाइम है। यानी सर्टिफिकेट जारी होने की तारीख से इसकी वैधता जीवनभर रहेगी।
3. HTET में कितने लेवल होते हैं?
जवाब: Level-1: कक्षा 1 से 5 तक के PRT के लिए, Level-2: कक्षा 6 से 8 तक के TGT के लिए, Level-3: PGT के लिए
4. HTET में पास होने के लिए कितने नंबर चाहिए?
जवाब: सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 60% यानी 90 अंक जरूरी हैं। हरियाणा के SC और फिजिकली चैलेंज्ड अभ्यर्थियों के लिए 55% यानी 82 अंक निर्धारित हैं।
5. क्या HTET में निगेटिव मार्किंग होती है?
जवाबः नहीं। HTET में गलत उत्तर के लिए निगेटिव मार्किंग नहीं है, लेकिन 20 से अधिक सवालों के जवाब खाली छोड़ने पर डिसक्वालीफाई घोषित किया जाता है। इस बार 1973 अभ्यर्थी डिसक्वालीफाई हुए।
6. HTET कितनी बार दे सकते हैं?
जवाब: इसकी कोई अधिकतम सीमा नहीं है। अभ्यर्थी HTET सर्टिफिकेट हासिल करने के लिए कितनी भी बार परीक्षा दे सकता है। पहले से HTET पास अभ्यर्थी भी अपना स्कोर सुधारने के लिए दोबारा परीक्षा दे सकते हैं।
7. क्या HTET पास करने के बाद दोबारा परीक्षा देना जरूरी है?
जवाब: नहीं। क्योंकि क्वालिफाइंग सर्टिफिकेट की वैधता लाइफटाइम है। हालांकि, अगर अभ्यर्थी अपना स्कोर बेहतर करना चाहता है तो वह दोबारा HTET दे सकता है।
8. क्या HTET का सर्टिफिकेट सिर्फ हरियाणा में ही काम आता है?
जवाब: HTET हरियाणा की शिक्षक पात्रता परीक्षा है। इसका उपयोग संबंधित हरियाणा शिक्षक भर्ती/स्कूलों में निर्धारित पात्रता के तौर पर होता है। दूसरे राज्यों की शिक्षक भर्ती के लिए संबंधित राज्य के नियम और पात्रता शर्तें देखनी होंगी।
9. HTET पास करने के बाद अगला कदम क्या है?
जवाब: HTET पास करना शिक्षक भर्ती की दिशा में एक जरूरी पड़ाव है। इसके बाद अभ्यर्थी को संबंधित भर्ती का विज्ञापन आने पर उसमें दी गई शैक्षणिक योग्यता, विषय, आयु, अनुभव और अन्य शर्तें पूरी करनी होती हैं। भर्ती प्रक्रिया में चयन के लिए जो भी परीक्षा/मेरिट/अन्य मापदंड तय हों, उन्हें भी पूरा करना जरूरी है।
10. हरियाणा में सरकारी शिक्षकों के कितने पद रिक्त हैं?
जवाब: हरियाणा सरकार के फरवरी 2026 में विधानसभा में दिए गए आंकड़ों के अनुसार सरकारी स्कूलों में PGT, TGT और PRT के कुल 15,659 पद रिक्त थे।