November 16, 2026
16 nov 12
  • सिर्फ 8 में अधिकारी तैनात, 13 जिलों में IAS तैनात

हरियाणा ब्रेेकिंग न्यूज :  हरियाणा के कुरुक्षेत्र और अंबाला जिलों में पिछले क्रमश: 3 और 4 महीनों से अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) के पद रिक्त हैं। प्रदेश के कुल 23 जिलों में से 15 जिलों में ADC का पद वरिष्ठ HCS (हरियाणा सिविल सेवा-कार्यकारी शाखा) अधिकारियों के लिए निर्धारित है, लेकिन वर्तमान में केवल 8 जिलों में ही HCS अधिकारी ADC के रूप में तैनात हैं।

इसके विपरीत, IAS अधिकारियों के लिए ADC के केवल 8 पद निर्धारित हैं, लेकिन वर्तमान में 13 जिलों में IAS अधिकारी इस पद पर कार्यरत हैं। यानी निर्धारित पदों की संख्या से अधिक जिलों में IAS अधिकारियों की ADC के तौर पर तैनाती है।

प्रशासनिक मामलों के जानकार हेमंत कुमार के अनुसार, प्रदेश में पर्याप्त संख्या में पात्र वरिष्ठ HCS अधिकारी उपलब्ध हैं। 2016 बैच तक के HCS अधिकारियों को भी ADC पद पर तैनात किया जा सकता है। इसके बावजूद 7 अन्य जिलों में वरिष्ठ HCS अधिकारियों के स्थान पर IAS अधिकारियों की तैनाती कैडर व्यवस्था की मूल भावना के विपरीत है।

8 जिलों में HCS अधिकारी ADC तैनात

वर्तमान में प्रदेश के 8 जिलों में HCS अधिकारी अतिरिक्त उपायुक्त के रूप में तैनात हैं। इनमें झज्जर में 2002 बैच के जग निवास, फतेहाबाद में 2004 बैच के अनुराग ढालिया और यमुनानगर में 2004 बैच के नवीन आहूजा शामिल हैं।

इसी प्रकार जींद में 2011 बैच के प्रदीप कुमार-2, कैथल में 2011 बैच के डॉ. सुशील कुमार-2, हिसार में 2011 बैच की शालिनी चेतल, सोनीपत में 2011 बैच के अजय चोपड़ा और महेंद्रगढ़ में 2011 बैच के तरुण कुमार पावरिया ADC के पद पर तैनात हैं।

2016 बैच तक के HCS अधिकारी भी ADC पद के लिए पात्र

प्रशासनिक मामलों के जानकार हेमंत कुमार ने बताया कि राज्य में पर्याप्त संख्या में पात्र वरिष्ठ HCS अधिकारी उपलब्ध हैं। 2016 बैच तक के HCS अधिकारियों को भी ADC पद पर तैनात किया जा सकता है। इसके बावजूद प्रदेश के 7 अन्य जिलों में वरिष्ठ HCS अधिकारियों के स्थान पर IAS अधिकारियों की जिला ADC पद पर तैनाती कैडर व्यवस्था की मूल भावना के विपरीत है।

IAS कैडर के लिए निर्धारित हैं ADC के केवल 8 पद

केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DOPT) की ओर से जून 2026 में जारी IAS कैडर संख्या निर्धारण आदेश के अनुसार, हरियाणा में ADC के केवल 8 पद IAS कैडर के लिए निर्धारित हैं। इन पदों पर सीनियर टाइम स्केल यानी कम से कम 4 वर्ष की सेवा वाले IAS अधिकारी नियुक्त किए जा सकते हैं। इसके बावजूद वर्तमान में प्रदेश के 23 में से 13 जिलों में IAS अधिकारी ADC के तौर पर कार्यरत हैं।

13 जिलों में IAS अधिकारी ADC के पद पर तैनात

वर्तमान में भिवानी और चरखी दादरी दोनों जिलों में 2020 बैच के दीपक बाबूलाल करवा तथा रेवाड़ी में 2020 बैच के राहुल मोदी तैनात हैं।

वहीं गुरुग्राम में 2021 बैच के सोनू भट्ट, पंचकूला में 2021 बैच के विवेक आर्य, हांसी में 2021 बैच के लक्षित सरीन और रोहतक में 2021 बैच के नरेंद्र कुमार ADC हैं।

इसी प्रकार फरीदाबाद में 2022 बैच की अंजलि श्रोत्रिया, पानीपत में 2022 बैच के अंकित कुमार चोकसी, सिरसा में 2022 बैच के अर्पित संगल, करनाल में 2022 बैच के डॉ. राहुल रैया, नूंह में 2022 बैच की ज्योति और पलवल में 2022 बैच के उत्सव आनंद ADC के पद पर तैनात हैं।