August 9, 2026
9 aug 7
  •  10 व 5 किमी दौड़ के विजेताओं को किया सम्मानित

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में नशा मुक्त हरियाणा अभियान के तहत हॉफ मैराथन का आयोजन किया गया। इस मैराथन में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मौजूद रहे। वहीं कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव भी रहीं।

मैराथन में महेंद्रगढ़ जिले के अलावा प्रदेश व अन्य प्रदेशों से आए धावकों ने भी भाग लिया। हॉफ मैराथन में 10 किलोमीटर व 5 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई। जिसमें विजेता लड़कें व लड़कियों को अलग-अलग पुरस्कार देकर मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।

पूरे देश तक जाएगा संदेश

इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि मैराथन का उद्देश्य प्रदेश को नशा मुक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि आज हजारों की संख्या में आए युवा इस संदेश के साथ दौड़ लगा रहे हैं कि वे न तो नशा करेंगे तथा न ही किसी को नशा करने देंगे। उनका यह संदेश न केवल जिला महेंद्रगढ़, बल्कि देश के लोगों तक जाएगा।

नूनी मोड़ से हुई शुरू

मैराथन की शुरूआत महेंद्रगढ़ रोड पर सेक्टर एक के मुख्य गेट के पास नूनी शेखपुरा मोड़ से की गई। मैराथन में भाग लेने के लिए बच्चों में उत्साह दिखाई दिया। भाग लेने वाले बच्चों की भीड़ सेक्टर एक के मुख्य गेट से महावीर चौक तक लगी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी दौड़े

इस दौड़ में भाग लेने वाले युवाओं व बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, स्वास्थ्य मंत्री आरती राव, विधायक ओमप्रकाश यादव व कंवर सिंह, सांसद धर्मवीर सिंह, पूर्व विधायक अभय सिंह यादव व भाजपा जिला अध्यक्ष यतेंद्र यादव के अलावा अन्य भाजपा नेता भी दौड़े।

सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम

इस मैराथन के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए गए थे। शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात की गई थी। वहीं मैराथन वाले मार्ग महेंद्रगढ़ रोड़ पर लोगों की आवाजाही पूरी तरह से बंद कर दी गई थी। जिसके कारण इस रोड पर आने-जाने वालों को 8 किलोमीटर लंबा डायवर्ड मार्ग अपनाना पड़ा।

युवा-बच्चों में दिखा उत्साह

मैराथन में भाग लेने के लिए विभिन्न सरकारी व प्राइवेट स्कूल के बच्चों व युवाओं में काफी उत्साह दिखाई दिया। मुख्य स्टैज पर गायकारों द्वारा गाए जाने वाले गीतों तथा फिल्मी व देश भक्ति गीतों पर युवा तथा बच्चे डांस करते दिखाई दिए।

घर-घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ

इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने घर-घर तिरंगा अभियान के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम के बाद 17 अगस्त तक यह पूरे राज्य में मनाया जाएगा। जिसके तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

टीचर्स से एक बच्ची बिछड़ी

इस कार्यक्रम के दौरान एक सरकारी स्कूल की बच्ची अपने साथ के बच्चों व टीचरों से बिछड़ गई। डर से वह रोने लगी। जिसके बाद वह मुख्य स्टैज तक पहुंच गई। लोगों की मदद से उसको स्टैच पर पहुंचाया गया। डर की वजह से वह अपने स्कूल का नाम नहीं ले पाई। करीब आधा घंटा तक वह स्टैज पर ही बैठी रही। बाद में पुलिस अधिकारी आकर उसको अपने साथ ले गए।

उमस से रहा हाल बेहाल, डायल 112 पर आई कॉल

दौड़ के दौरान बच्चों की भीड़ ज्यादा होने की वजह से उमस भरी गर्मी में हाल बेहाल हो गया। इस दौरान एक व्यक्ति ने डॉयल 112 पर फोन भी कर दिया। व्यक्ति का कहना था कि भीड़ में बच्चों का दम घुट रहा है। उसके बच्चे भी दौड़ने आए हैं, उनका उसके पास फोन आ रहा है।

लोगों को हुई परेशानी

इस मैराथन से लोगों में नशा मुक्ति का संदेश गया, मगर लोगों को दो दिन काफी परेशानी भी हुई। महेंद्रगढ़ रोड को पूरी तरह से बंद कर दिया गया। जिससे भाग लेने व इस कार्यक्रम में आने वाले लोगों को आठ से दस किलोमीटर अतिरिक्त घूमकर आना पड़ा। वहीं बाजारों में भी ट्रैफिक डायवर्ड रहा। रेहड़ी वाले व दुकानदार भी दो दिन परेशान रहे।