August 5, 2026
5 aug 13
  • श्रद्धांजलि सभा में पत्रकारों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि, सरकार से पत्रकार हितों से जुड़ी कई मांगें उठाईं

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा पत्रकार संघ, जिला जींद इकाई द्वारा मंगलवार को सफीदों में दिवंगत पत्रकार विक्रम की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा एवं आर्थिक सहायता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हरियाणा पत्रकार संघ की ओर से दिवंगत पत्रकार विक्रम के शोकाकुल परिवार को 15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक भेंट किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने दिवंगत पत्रकार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

कार्यक्रम में सफीदों से भाजपा विधायक रामकुमार गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा, हरियाणा पत्रकार संघ के प्रदेशाध्यक्ष के.बी. पंडित, पूर्व विधायक कालीराम पटवारी, प्रदेश एवं जिला स्तर के वरिष्ठ पत्रकार तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं

मुख्य अतिथि विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में जनता की आवाज को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा कठिन परिस्थितियों में पत्रकारों और उनके परिवारों को हरसंभव सहयोग देने का प्रयास करती रहेगी।

हरियाणा पत्रकार संघ ने तत्काल आर्थिक एवं नैतिक सहयोग देकर अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन किया है

हरियाणा पत्रकार संघ के प्रदेशाध्यक्ष केबी पंडित ने अपने संबोधन में बताया कि संगठन अब तक हरियाणा के विभिन्न जिलों में पत्रकारों एवं उनके परिवारों को 2 करोड़ 60 लाख रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता प्रदान कर चुका है। उन्होंने कहा कि जब भी किसी पत्रकार परिवार पर संकट आया है, हरियाणा पत्रकार संघ ने तत्काल आर्थिक एवं नैतिक सहयोग देकर अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन किया है।

उन्होंने राज्य सरकार से पत्रकारों के हित में कई महत्वपूर्ण मांगें भी रखीं। इनमें पत्रकारों के लिए 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करना, पत्रकार पेंशन को 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिमाह करना, डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों को भी मान्यता प्रदान करना तथा पत्रकार पेंशन योजना के लिए पांच वर्ष की अनिवार्य मान्यता (एक्रेडिटेशन) की शर्त समाप्त करना प्रमुख मांगें शामिल रहीं।

जिला जींद अध्यक्ष विजेंद्र धर्मवीर राजथल ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सफीदों इकाई के अध्यक्ष विकास रोहिल्ला एवं उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सीमित समय के बावजूद टीम ने उत्कृष्ट समन्वय, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया, जो सराहनीय है।

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत पत्रकार विक्रम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके परिवार को हर संभव सहयोग देने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। इस अवसर पर पत्रकारों ने एकजुटता का संदेश देते हुए कहा कि पत्रकार समाज हमेशा अपने साथियों और उनके परिवारों के सुख-दुख में मजबूती से खड़ा रहेगा।