July 6, 2026
6 july 16
  • प्रशासन ने एंटी-लार्वा अभियान किया तेज

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : मानसून के दौरान मलेरिया और डेंगू जैसी मच्छरजनित बीमारियों पर रोक लगाने के लिए चंडीगढ़ प्रशासन ने नियम और सख्त कर दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने शहरभर में विशेष एंटी-लार्वा अभियान शुरू किया है। अब जिन घरों, दुकानों या अन्य परिसरों में बार-बार मच्छरों का लार्वा मिलता है, उनके खिलाफ सीधे जुर्माने की कार्रवाई होगी।

प्रशासन का कहना है कि लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ अब नियमों का सख्ती से पालन भी कराया जाएगा, ताकि मच्छरों की बढ़ती संख्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।

2 चरणों में होगी कार्रवाई

स्वास्थ्य विभाग की नई व्यवस्था के अनुसार कार्रवाई 2 चरणों में की जाएगी।

  1. पहली बार लार्वा मिलने परसंबंधित व्यक्ति को चेतावनी देते हुए आधिकारिक नोटिस जारी किया जाएगा।
  2.  दूसरी बार लार्वा मिलने परयदि दोबारा उसी परिसर में मच्छरों का लार्वा पाया गया तो मौके पर ही ₹500 का चालान काटा जाएगा।

मानसून में बढ़ता है खतरा

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार बरसात के मौसम में घरों और आसपास पानी जमा होने से मच्छरों की तेजी से ब्रीडिंग होती है। कूलर, गमले, पुराने टायर, कबाड़ और खुले बर्तनों में जमा पानी डेंगू और मलेरिया फैलाने वाले मच्छरों के पनपने का सबसे बड़ा कारण बनता है। इसी को देखते हुए शहर के सभी सेक्टरों और वार्डों में नियमित निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।

लोगों से यह सावधानी बरतने की अपील

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वह अपने घर और आसपास पानी जमा न होने दें। इसके लिए-

  • सप्ताह में एक दिन ड्राई डे मनाते हुए कूलरों का पानी पूरी तरह खाली करें।
  • छतों और आंगन में रखे पुराने टायर, टूटे बर्तन और गमलों में पानी जमा न होने दें।
  • पानी की टंकियों को हमेशा अच्छी तरह ढक्कन से बंद रखें।
  • घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें तथा मच्छरों के पनपने की किसी भी जगह को तुरंत खत्म करें।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि लोगों के सहयोग से ही डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।