July 6, 2026
6 july 15
  • निचले इलाकों में जलभराव की आशंका, तापमान में नहीं बढ़ोतरी

 

हरियाणा में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय होने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), चंडीगढ़ के अनुसार प्रदेश में 6 जुलाई से 11 जुलाई तक लगातार बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। इस दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, 6 से 9 जुलाई और 11 जुलाई को कई स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के बीच सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

इन जिलों में होगी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, 6 जुलाई को पंचकूला और यमुनानगर जिलों के अलग-अलग क्षेत्रों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। हालांकि अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी जिलों के लिए किसी प्रकार की भारी बारिश की चेतावनी जारी नहीं की गई है।

लगातार बारिश से होगा जलभराव

पूर्वानुमान के अनुसार, 6 और 10 जुलाई को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। वहीं 7, 9 और 11 जुलाई को बारिश का दायरा बढ़कर कई जिलों तक पहुंच जाएगा। सबसे अधिक बारिश 8 जुलाई को होने की संभावना है। इस दिन प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने का अनुमान है।

लगातार बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव, यातायात प्रभावित होने और छोटे नालों व बरसाती नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की स्थिति बन सकती है।

कुछ दिनों तक नहीं बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग ने यह भी बताया कि मानसूनी गतिविधियों के कारण अगले कुछ दिनों तक तापमान में अधिक बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। रविवार को जारी आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में पिछले दिन की तुलना में लगभग 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन तापमान अभी भी सामान्य के आसपास बना हुआ है।

सिरसा रहा सबसे गर्म

प्रदेश में रविवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान सिरसा में 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा हिसार में 38.9 डिग्री, अंबाला में 39.2 डिग्री, चंडीगढ़ में 37.9 डिग्री, फतेहाबाद में 36.8 डिग्री, भिवानी में 36.4 डिग्री, रोहतक में 35.7 डिग्री, करनाल में 34.8 डिग्री और गुरुग्राम में 34.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।