June 14, 2026
14 june 4
  • 17 जून तक मौसम बदलता रहेगा, नारनौल सबसे गर्म शहर

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में जून के महीने में लगातार हो रही बारिश की वजह से लू से राहत मिली है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री की मामूली बढ़ोतरी हुई है, लेकिन बारिश के असर की वजह से यह अभी भी सामान्य से 4.9 डिग्री कम है। दिन में नारनौल सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 38 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि, ज्यादातर जिलों में तापमान 33 से 35 डिग्री के बीच रहने से लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग के मुताबिक, आज रविवार को मौसम सामान्य रहने की संभावना है। हीटवेव की कोई संभावना नहीं है। सिरसा, फतेहाबाद और हिसार में बारिश होने के आसार भी जताए गए हैं।

17 जून तक परिवर्तनशील रहेगा मौसम

हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, राज्य में 17 जून तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील बना रहेगा। इस दौरान हवाओं की दिशा और गति में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा।

आने वाले दिनों में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। वातावरण में पहले से मौजूद नमी की वजह से बीच-बीच में कहीं-कहीं आंशिक बादलवाई छा सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ धूलभरी हवाएं चलने और कहीं-कहीं केवल छिटपुट बूंदाबांदी की ही संभावना है। बड़े स्तर पर या भारी बारिश की उम्मीद नहीं है।

मानसून से पहले 61% ज्यादा बारिश

प्री मानसून में 61 फीसदी बारिश ज्यादा हो चुकी है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 4.9 मिलीमीटर बारिश हुई है जबकि एक से 13 जून तक 22.9 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है, यह सामान्य बारिश 14.2 से 61 फीसदी तक ज्यादा है। जहां गुरुवार को उत्तरी हरियाणा में ज्यादा बारिश हुई थी, वहीं अब दक्षिणी-पश्चिमी हरियाणा में भी अच्छी बारिश हुई है। बारिश से खरीफ फसलों को लाभ मिलेगा। जिन फसलों की अभी तक बिजाई नहीं हो पाई है, उनकी तेजी से बिजाई हो सकेगी।