June 17, 2026
13 june6
  • बेटी वाले बयान पर विवाद के बाद रेणु भाटिया ने दिया था इस्तीफा

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : बेटी वाले बयान पर विवाद पर रेणु भाटिया के इस्तीफा देने के बाद हरियाणा सरकार ने राज्य महिला आयोग का दोबारा गठन कर दिया है। वर्तमान में महिला मोर्चा बीजेपी की प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहीं उषा प्रियदर्शनी को नया चेयरपर्सन बनाया है। वे गुरुग्राम की रहने वाली हैं और जनवरी 2024 में हरियाणा बीजेपी महिला मोर्चा की प्रमुख बनी थीं।

इसके अलावा सरकार ने मीना परमार को वाइस चेयरपर्सन बनाया गया है। मीना भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री और तोशाम विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुकी हैं। इसी के साथ महिला आयोग में पांच सदस्य भी नियुक्त की गई है। इनमें नारनौल की पूर्व चेयरपर्सन भारती सैनी, सुनीता लोहचब, सुमन शहजादवाला, डॉ. अनुकम्पा गर्ग, सुनीता चौहान का नाम शामिल है।

राज्यपाल की ओर से जारी आदेश के अनुसार इन नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। इन सदस्यों की नियुक्ति की सेवा शर्तें और नियम मुख्य सचिव कार्यालय, राजनीतिक एवं संसदीय कार्य विभाग की ओर से 26 मई 2026 को जारी निर्देशों के अनुरूप लागू होंगे।

विमुक्त घुमंतू जाति विकास बोर्ड सदस्य रह चुकीं सुनीता

आयोग मेंबर की लिस्ट में झज्जर शहर के अंबेडकर चौक एरिया की रहने वाली सुनीता चौहान का भी नाम है। सुनीता इससे पहले साल 2017 में विमुक्त घुमंतू जाति विकास बोर्ड की सदस्य रह चुकी हैं। विधानसभा चुनाव से पहले उन्हें बेरी विधानसभा का प्रभारी भी बनाया गया था।

इसी तरह भारती सैनी वर्तमान में भाजपा महिला मोर्चा की जिला महेंद्रगढ़ अध्यक्ष हैं। वे नारनौल नगर परिषद की पूर्व चेयरपर्सन भी रह चुकी हैं। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ प्रकोष्ठ की जिला संयोजक का दायित्व भी संभाला है।

7 जून को LNJP अस्पताल के दौरे पर भाटिया के बयान से शुरू हुआ था विवाद

कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश सिविल अस्पताल में लड़की से रेप की घटना के बाद रेणु भाटिया 7 जून को अस्पताल का दौरा करने पहुंची थीं। यहां उन्होंने प्रिंसिपल मेडिकल ऑफिसर डॉ. साराह अग्रवाल समेत ड्यूटी पर तैनात नर्सिंग स्टाफ को जमकर फटकार लगाई। इस दौरान भाटिया ने सीनियर नर्सिंग ऑफिसर अनिता को कहा- क्या आपकी भी बेटी है, छोड़ू उसे किसी के साथ 15 मिनट एक कमरे में, फिर इस बच्ची को अकेला कैसे छोड़ दिया गया।