- 60 स्टूडेंट्स को मिलेगा एडमिशन, नई शिक्षा नीति के तहत फैसला
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा सरकार युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करने और तकनीकी शिक्षा को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। राज्य के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 से प्रदेश के पॉलिटेक्निक संस्थानों में कई नए डिप्लोमा और तकनीकी कोर्स शुरू किए जाएंगे।
इन नए कोर्सों में वीएलएसआई डिजाइन, साइबर फोरेंसिक और सूचना सुरक्षा, टेलीकॉम इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल ट्रेड, पर्यावरण इंजीनियरिंग, जीआईएस और सर्वे तकनीक, इलेक्ट्रिक वाहन तकनीक, एक्स-रे तकनीक, पत्रकारिता एवं जनसंचार, शुगर टेक्नोलॉजी तथा फैशन डिजाइनिंग जैसे विषय शामिल हैं।
हर कोर्स में 60 स्टूडेंट्स को मिलेगा एडमिशन
महिपाल ढांडा ने कहा कि ये कोर्स उद्योगों की मौजूदा और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं, ताकि युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ रोजगार से जुड़े और व्यावहारिक कौशल भी मिल सकें। उन्होंने कहा कि आज के समय में तेजी से बदलती तकनीक के अनुसार युवाओं को प्रशिक्षित करना जरूरी है। जिससे उन्हें नौकरी पाने में आसानी हो। हर कोर्स में 60 विद्यार्थियों को दाखिला दिया जाएगा।
नई शिक्षा नीति के तहत फैसला
इन कार्यक्रमों के जरिए छात्रों को आधुनिक तकनीक, डिजिटल सुरक्षा, ग्रीन टेक्नोलॉजी, स्वास्थ्य सेवाओं और इलेक्ट्रिक व्हीकल जैसे उभरते क्षेत्रों में प्रशिक्षण मिलेगा। शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और इंडस्ट्री 4.0 की जरूरतों के अनुरूप है। इससे प्रदेश के युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ेगी और हरियाणा में उद्योगों के लिए कुशल और प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार होगा।