- रात फरीदाबाद में अंधड़ में मशीन गिरने से 3 की मौत हुई
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते पूरे प्रदेश में बूंदाबांदी और बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार 5 जून को राज्य के 16 जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अगले 2 से 3 दिन ऐसा ही मौसम बना रहेगा। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में बुधवार के मुकाबले गुरुवार को 0.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, हालांकि तापमान अभी सामान्य के आसपास बना हुआ है। प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान रोहतक में 43.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
उधर, गुरुवार को प्रदेश के 11 जिलों में तेज आंधी चली और बारिश देखने को मिली। फरीदाबाद में जेवर एयरपोर्ट के लिए बनाए जा रहे फ्लाईओवर के निर्माण में लगी गैन्ट्री मशीन तेज अंधड़ के कारण कंटेनर पर गिर गई। यह कंटेनर मजदूरों के रहने के लिए रखा गया था। हादसे में 8 मजदूर दब गए, जिसमें से 5 को बचा लिया गया, जबकि इंजीनियर सहित तीन की मौत हो गई। रात नौ घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला।
इन जिलों में तेज हवा और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग ने पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह (मेवात), पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
कई जिलों में बारिश के आसार
आज यानी 5 जून को महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
6 जून को भी जारी रहेगा असर
मौसम विभाग के अनुसार 6 जून को भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं 4 और 5 जून को कुछ स्थानों पर हवाओं की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
अगले सप्ताह ऐसा रहेगा तापमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 5 से 11 जून के दौरान चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला और कुरुक्षेत्र में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। कैथल, करनाल, जींद, पानीपत और सोनीपत में तापमान 38 से 40 डिग्री के बीच रह सकता है।
वहीं दक्षिण-पश्चिम हरियाणा के जिलों, जिनमें महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, भिवानी, चरखी दादरी, हिसार और सिरसा में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।