- दिल्ली-चंडीगढ़ समेत लंबे और लोकल रूट प्रभावित
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा रोडवेज के हिसार डिपो में शनिवार सुबह 4 बजे से ही रोडवेज कर्मचारी यूनियन का अनिश्चितकालीन चक्का जाम शुरू हो गया है।
अलसुबह से ही डिपो के कर्मचारियों ने मुख्य गेट पर मोर्चा संभालते हुए बसों का संचालन पूरी तरह ठप कर दिया। सुबह के वक्त चंडीगढ़ जाने वाली बस को भी कर्मचारियों ने वर्कशॉप व बस स्टैंड से बाहर नहीं निकलने दिया।
शुक्रवार शाम को एसडीएम ज्योति मित्तल की अध्यक्षता में रोडवेज यूनियन के साथ हुई वार्ता पूरी तरह निष्फल रही। वार्ता विफल होने के बाद यूनियन ने अपने पूर्व घोषित फैसले के तहत शनिवार तड़के 4 बजे से ही अनिश्चितकालीन चक्का जाम और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
बस स्टैंड पर यात्री परेशान, लंबे और लोकल रूट पूरी तरह प्रभावित
शुक्रवार से ही 83 से अधिक बसों का रात्रि ठहराव बंद किए जाने के बाद शनिवार सुबह चक्का जाम होते ही दिल्ली, चंडीगढ़, जयपुर, बीकानेर, अजमेर, आगरा और खाटूश्याम जैसे लंबे रूटों के अलावा आदमपुर, उकलाना, बाधड़ा व चौधरीवास जाने वाले लोकल रूटों की बस सेवाएं पूरी तरह बंद हो गईं।
सुबह-सुबह गंतव्य तक जाने पहुंचे यात्रियों को बस स्टैंड पर खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विकल्प न मिलने के कारण लोग प्राइवेट बसों और निजी वाहनों का सहारा लेने को मजबूर हैं।
वित्तीय भत्तों व रात्रि भत्ते का बकाया भुगतान
रोडवेज यूनियन के प्रधान संदीप जैनवास, अजय दुहन, राजबीर दुहन और नरेंद्र खरड़ ने बताया कि कर्मचारी लंबे समय से अपने लंबित वित्तीय लाभों, रात्रि भत्ते, टीए और ओवरटाइम के बकाया भुगतान की मांग कर रहे हैं। जीएम की कार्यशैली और मांगों पर समाधान न होने से नाराजगी बनी हुई है।
हमारे पास अब कोई विकल्प नहीं- प्रधान
हिसार रोडवेज यूनियन प्रधान प्रदीप जैनवास ने बताया कि प्रशासन के साथ वार्ता विफल रहने के बाद कर्मचारियों के पास चक्का जाम के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था। जब तक मांगों का स्थाई समाधान नहीं होता, चक्का जाम जारी रहेगा।
बसें चलाने के किए जा रहे प्रयास- रोडवेज जीएम
मामले पर रोडवेज के अधिकारियों का कहना है कि प्रशासन लगातार स्थिति को सामान्य करने में जुटा है। हिसार डिपो के जीएम राहुल मित्तल का कहना है कि रोडवेज प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है कि बसों का संचालन बहाल किया जा सके। यात्रियों की असुविधा को देखते हुए उच्च अधिकारियों और जिला प्रशासन से समन्वय बनाकर बातचीत की जा रही है।