April 22, 2026
22 april 2
  • दिन में लू चल रही, 26 से बारिश के आसार

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज: हरियाणा में इस बार गर्म रात का यलो अलर्ट जारी किया गया है। दिन के साथ अब रातें भी राहत देने के बजाय तपिश बढ़ा रही हैं। मौसम विभाग ने पहली बार वॉर्म नाइट यानी गर्म रात का अलर्ट जारी किया है।

दक्षिण हरियाणा इलाके के नारनौल, रेवाड़ी, पलवल, नूंह, चरखी दादरी और रोहतक में रातें भी गर्म रहेगी। इसके अलावा सिरसा, फतेहाबाद और हिसार छोड़कर पूरे हरियाणा में लू का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार 25 अप्रैल तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लू चलने की चेतावनी दी गई है। 26 को एक और पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश में सक्रिय होगा इससे बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। आंकड़ों के मुताबिक राज्य में सबसे अधिक तापमान 42.9°C फरीदाबाद में दर्ज हुआ, वहीं सबसे ठंडी रात 18°C करनाल में रही।

क्या होती है वॉर्म नाइट
जब रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी ज्यादा (आमतौर पर 4-5°C अधिक) बना रहता है और शरीर को ठंडक नहीं मिलती। इससे हीट स्ट्रेस और स्वास्थ्य जोखिम बढ़ता है।

गर्मी को लेकर किसानों के लिए एडवाइजरी
मौसम विभाग ने किसानों को बदलते मौसम और बढ़ती गर्मी को देखते हुए कई जरूरी सलाह दी है। गेहूं की फसल में यलो रस्ट और दीमक की निगरानी रखने को कहा गया है, जबकि एफिड (चेपा) नियंत्रण के लिए नीम आधारित या अनुशंसित दवाओं का छिड़काव करने की सलाह दी गई है।

सरसों और रेपसीड में भी कीटों पर नजर रखने और आवश्यकता अनुसार स्प्रे करने को कहा गया है। फलदार पौधों खासकर साइट्रस में रोग नियंत्रण और सिंचाई बढ़ाने पर जोर दिया गया है। हिसार क्षेत्र के किसानों को बदलते मौसम के चलते सरसों की कटाई कुछ दिन रोकने और कपास, मूंग जैसी फसलों की बुवाई फिलहाल टालने की सलाह दी गई है।

दिन का पारा सामान्य से 1.8°C ज्यादा
प्रदेश में गर्मी लगातार तेज हो रही है। औसतन अधिकतम तापमान सामान्य से 1.8°C ज्यादा दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा तापमान 42.9°C फरीदाबाद (बोपानी) में रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा भिवानी 42.5°C, नारनौल 42.0°C, गुरुग्राम और सिरसा 41°C के आसपास रहे। रोहतक, हिसार, करनाल सहित कई शहरों में पारा 39 से 40°C के बीच रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 3-4 दिनों में तापमान में और 3-4°C की बढ़ोतरी संभव है, जिससे हीटवेव की स्थिति और गंभीर हो सकती है।

न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट
रात के तापमान में भी अब गर्मी का असर दिखने लगा है। औसतन न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट (-0.5°C) दर्ज की गई, लेकिन यह सामान्य के आसपास बना हुआ है। सबसे कम तापमान 18°C करनाल में रिकॉर्ड हुआ। हिसार में 20.4°C, रोहतक में 24°C, गुरुग्राम में 23.5°C और नारनौल में 26°C तक तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में रातें और गर्म हो सकती हैं, जिससे लोगों को राहत कम मिलेगी।