- रेडबस की मोनोपली खत्म, हरियाणा-पंजाब समेत 8 राज्यों के यात्रियों को फायदा
हरियाणा: ब्रेकिंग न्यूज : चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट (CTU) बसों में सफर करने वाले यात्रियों की सुविधा बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। अब यात्रियों को टिकट बुकिंग के लिए सिर्फ एक प्लेटफॉर्म पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। CTU कई नामी ऑनलाइन ट्रैवल एजेंसियों (OTA) जैसे मेक माय ट्रिप, गोआइबिबो से जुड़ने की तैयारी में है। इसके लिए कंपनियों से आवेदन भी मांगे गए हैं।
15 दिन के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी होगी। शर्तों पर खरी उतरने वाली कंपनियों को शामिल किया जाएगा। इससे यात्रियों की संख्या बढ़ाने और प्राइवेट ऑपरेटरों को टक्कर देने की तैयारी है।
जानकारी के मुताबिक इस योजना के पीछे सीटीयू का मुख्य उद्देश्य अपनी बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ाना है। दूसरा जिन आठ राज्यों में सीटीयू का नेटवर्क है, वह सारे नामी टूरिस्ट प्लेस है। इनमें टूरिस्ट देश ही नहीं, बल्कि विदेश से भी आते हैं। ऐसा करने से प्राइवेट बस ऑपरेटर को भी सीटीयू टक्कर देगा।
इसके अलावा यात्रियों का फायदा ज्यादा होगा। इससे पहले CTU ने रेड बस के साथ एक समझौता किया हुआ है, जो 31 मार्च 2027 तक या नए कॉन्ट्रैक्ट होने तक चलेगा। लेकिन अब सीटीयू चाहता है कि ऑनलाइन ट्रैवल एजेंसियां (OTA) उसके साथ जुड़ें ताकि ज्यादा लोग टिकट बुक कर सकें। इसी चीज को ध्यान में रखकर यह रणनीति बनाई हुई है।
लोगों को होंगे ये 5 फायदे…
टिकट बुक करना आसान: कई ऐप और वेबसाइट पर टिकट मिल सकेंगे। घर बैठे मोबाइल से जल्दी और आसान बुकिंग हो जाएगी। वहीं कई तरह के ऑफर रहेंगे।
ज्यादा विकल्प और सीट उपलब्धता: अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर सीटों की जानकारी दिखेगी। इससे बस फुल होने की परेशानी कम होगी और सीट मिलने के मौके बढ़ेंगे।
कीमत और टाइमिंग की तुलना: आप अलग-अलग ऐप पर किराया और बस का समय देख सकते हैं। इससे अपने हिसाब से सबसे अच्छा और सस्ता विकल्प चुन पाएंगे।
आखिरी समय में भी बुकिंग: अगर अचानक यात्रा करनी हो तो भी टिकट मिलने के चांस बढ़ेंगे। कई प्लेटफॉर्म होने से जल्दी सीट मिल सकती है।
कम लाइन, ज्यादा सुविधा: बस स्टैंड पर लाइन में लगने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मोबाइल से ही टिकट बुक कर सकते हैं, जिससे समय और मेहनत बचेगी।
सभी टूरिस्ट स्थानों को करती है कवर
सीटीयू की मौजूदा समय में आठ राज्यों में बस सर्विस है। इसमें चंडीगढ़ समेत पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, जम्मू कश्मीर और यूपी शामिल है। बसें रोजाना 1,33,530 किमी का सफर तय करती हैं। इसमें शहर/लोकल 83,269 किमी और लंबी दूरी (इंटरस्टेट) 50,261 किमी शामिल है। लगभग 642 बसें हैं। लोकल रूट पर 464 बसें और इंटरस्टेट रूट पर 178 बसें चल रही हैं।
71 बसें जल्दी सीटीयू को मिलेगी
सीटीयू का फोकस अब इलेक्ट्रिक बसों पर है। अभी तक पीएम श्री योजना के तहत 45 बसें सड़कों पर चल रही हैं। दो बसों को रिजर्व में रखा है। जबकि 12 बसों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया चल रही है। 59 बसें शनिवार को सीटीयू में आई हैं। इन्हें जल्दी ही शामिल किया जाएगा।