May 6, 2024

विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद नायब सिंह सैनी का कुरुक्षेत्र में 17 नवंबर को होने वाला नागरिक अभिनंदन समारोह प्रदेश का सबसे भव्य और सुंदर समारोह होगा।

इस समारोह में हजारों की संख्या में लोग शिरकत करेंगे। इसके अलावा भाजपा के सभी नेता और कार्यकर्ता इस समारोह के हर क्षण को यादगार बनाने का काम करेंगे। इस नागरिक अभिनंदन समारोह को लेकर थानेसर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक कार्यकर्ता में खुशी की लहर है।

विधायक सुभाष सुधा बुधवार को देर सायं सेक्टर 7 आवास कार्यालय पर 17 नवंबर के नागरिक अभिनंदन समारोह को लेकर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्रीय संगठन ने कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के सांसद नायब सिंह सैनी को जो जिम्मेवारी सौंपी है और कुरुक्षेत्र के लोगों को जो मान सम्मान दिया है, उस पर भाजपा के कार्यकर्ता और नेता पूरी मेहनत और लग्न के साथ नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष के कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करेंगे।

इसलिए यह नागरिक अभिनंदन समारोह हर मायने में यादगार होगा। इस समारोह को लेकर पूरे शहर में जश्न का माहौल है और एक-एक नागरिक को अभिनंदन समारोह में आमंत्रित किया गया है।

विधायक ने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष का स्वागत और नागरिक अभिनंदन समारोह ऐतिहासिक और यादगार रहेगा। इस स्वागत समारोह में शहर की लगभग सभी समाज सेवी, धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और सदस्य स्वागत करने के लिए पूरी तरह तत्पर है। इन संस्थाओं को स्वागत के लिए अलग-अलग जगह निर्धारित की है और जैसे-जैसे प्रदेशाध्यक्ष का काफिला शहर के मुख्य मार्ग से गुजरेगा, वैसे-वैसे पुष्प वर्षा की जाएगी और संस्थाओं के प्रतिनिधियों द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा।

इसके साथ ही भाजपा के नेता और कार्यकर्ता भी थानेसर विधानसभा क्षेत्र में प्रदेशाध्यक्ष का पहुंचने पर बड़े जोश और उत्साह के स्वागत करने के लिए तैयार है। इसके लिए भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की ड्यूटियां भी लगाई गई है। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का काफिला पिपली से लेकर शहर के प्रमुख मार्गों और बाजारों से होकर गुजरेगा।

इस स्वागत समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष हरीश अरोड़ा, मंडल अध्यक्ष रजनीश, मंडल अध्यक्ष रमेश सैनी, मंडल अध्यक्ष दीपक चौहान, जिला परिषद के वाईस चेयरमैन डीपी चौधरी, भाजपा के वरिष्ठ नेता आचार्य राममेहर शास्त्री, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य साहिल सुधा आदि भाजपा नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *