August 5, 2026
5 aug 18
  • डेयरी संचालक मर्डर केस में फूटा गुस्सा, ASP मनाने पहुंचे बोले- हत्यारों का हो एनकाउंटर

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :

हरियाणा के हिसार में डेयरी संचालक की 10-12 लोगों ने मंगलवार सुबह पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। आज डेयरी संचालक जीवन का आज अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमॉर्टम किया गया। वहीं अभी तक आरोपियों के नहीं पकड़े जाने पर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और हिसार के जिंदल चौक पर जाम लगा दिया।

इस दौरान वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जाम की सूचना मिलते ही एएसपी मौके पर पहुंचे और परिजनों और उनके रिश्तेदारों व समर्थकों से बातचीत करने का प्रयास किया। परिजनों का कहना है कि उनका बेटे की निर्मम हत्या कर दी गई मगर आरोपी अभी तक खुली हवा में सास ले रहे हैं। इस घटना में शामिल सभी बदमाशों का एनकाउंटर किया जाए और परिवार को आर्थिक मदद दी जाए।

जिंदल चौक पर वाहनों की कतारें लगी

हिसार के व्यस्त रास्तों में से एक जिंदल चौक चौराहे पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई हैं। करीब 200 से 250 की संख्या में प्रदर्नशकारी मौके पर जुटे हुए हैं। इनका कहना है कि पुलिस आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर उनका एनकाउंटर करे और परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए। अभी तक एएसपी उनको मनाने का प्रयास कर रहे हैं मगर प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए हैं।

पड़ोसियों ने पीट-पीटकर की थी हत्या

हिसार के सूर्य नगर एरिया में मंगलवार सुबह करीब साढ़े 5 बजे डेयरी संचालक जीवन पर पड़ोसियों ने हमला कर दिया। जीवन इस दौरान अपनी बाइक पर ट्रॉली लगाकर गोबर डालने जा रहा था। पड़ोस के करीब 10-12 युवकों ने उसे घेर लिया। युवकों ने उसे लाठी-डंडों से मारना शुरू कर दिया। जीवन को जब तक पीटा गया, जब तक वह बेहोश नहीं हो गया।

इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। हमले में जीवन गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर हालत में परिजनों ने उसे पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई।

मरने से पहले दिए थे बयान

जीवन का मरने से पहले एक मिनट 12 सेकेंड का एक वीडियो भी सामने आया था। इसमें जीवन के दोनों पैरों पर गहरे घाव नजर आ रहे थे। जीवन ने कहा था कि पड़ोसी रमेश और उसके साथ 15-20 युवक थे। इनमें एक मोल्हड़ नाम का युवक भी था। उन्होंने मुझे जमा (बिल्कुल) खत्म कर दिया, मेरी टांग तोड़ दी।

गोबर डालने को लेकर विवाद

जीवन का करीब डेढ़ महीने पहले पड़ोसी रमेश से गोबर डालने को लेकर विवाद हुआ था। सूर्यनगर की गली नंबर पांच में जीवन की डेयरी है। वह रोजाना गोबर लेकर रेलवे लाइन के पास जाता था। गोबर डालने को लेकर ही रमेश का उससे विवाद हुआ था। वहीं, कुछ दिन पहले जीवन डेयरी में खोर (हौद) बनवा रहा था। इस दौरान भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ।

इस दौरान दोनों के बीच मारपीट भी हुई, जिसमें जीवन की पत्नी पर रमेश पक्ष के लोगों ने बरछी से हमला कर दिया था। इस मामले में पुलिस ने रमेश के खिलाफ केस दर्ज किया था। जीवन के परिवार में उसकी पत्नी अमन और एक पांच साल का बेटा है।