July 23, 2026
23 july 5
  • 129.9 MM होनी थी बरसात, रोहतक-पानीपत में सूखे जैसे हालात, करनाल सबसे गर्म

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में मानसून सीजन की शुरुआत के बाद से बारिश का ग्राफ उम्मीद से कम रहा है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में 1 जून से 16 जुलाई तक औसत से 24 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। जहां उत्तरी जिलों में अच्छी बारिश हुई है, वहीं दक्षिणी और पश्चिमी हरियाणा के कई जिले अब भी भारी बारिश के इंतजार में हैं।

प्रदेश में इस दौरान सामान्य 129.9 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन केवल 98.1 मिमी ही दर्ज हुई है, यानि 24 प्रतिशत कम बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश यमुनानगर में सर्वाधिक 202.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है। कुरुक्षेत्र में भी 161.1 मिमी के साथ सामान्य से 22 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है।

वहीं सिरसा में सबसे कम 27.5 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 65 प्रतिशत कम है। वहीं आज के मौसम की बात करें तो पूरे हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम छिटपुट बारिश की संभावना है। उत्तरी हरियाणा के जिलों अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर में कुछ स्थानों पर हल्की फुहारें पड़ सकती हैं, जबकि मध्य और दक्षिणी जिलों में मौसम आंशिक रूप से बादल छाए रहने की उम्मीद है।

9 जुलाई से 16 जुलाई तक 36% कम बारिश हुई

इस एक सप्ताह के दौरान प्रदेश में मानसून की रफ्तार और सुस्त पड़ी रही। सामान्य 40.7 मिमी के मुकाबले महज 25.9 मिमी बारिश हुई, जो 36 प्रतिशत कम है।

सबसे ज्यादा बारिश यमुनानगर 118.1 मिमी (+76%), कुरुक्षेत्र 91.6 मिमी (+123%), पंचकूला में 73.1 मिमी (+8%), करनाल: 70.8 मिमी (+21%) बारिश हुई। वहीं रोहतक में 0.5 मिमी (-99%), पानीपत में 3.4 मिमी (-93%), गुरुग्राम: 4.4 मिमी (-92%) और जींद और सिरसा में 5.7 मिमी बारिश हुई है।

करनाल में सबसे ज्यादा तापमान : हरियाणा में औसत अधिकतम तापमान में 1.7°C की बढ़ोतरी दर्ज की गई, हालांकि यह सामान्य के आसपास ही बना हुआ है। प्रदेश में सबसे गर्म स्थान करनाल रहा जहां 35.2°C तापमान दर्ज हुआ।

इसके अलावा अंबाला में 34.8°C, रोहतक और चंडीगढ़ में 34.2°C, सोनीपत में 33.9°C, चरखी दादरी में 33.8°C और जींद में 33.3°C अधिकतम तापमान रहा। सिरसा में पारा 30.2°C और हिसार में 33.1°C दर्ज किया गया।

रात में भिवानी का पारा सबसे कम : प्रदेश में औसतन न्यूनतम तापमान में 0.5°C का मामूली उछाल देखा गया है। भिवानी 23.0°C के साथ राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा। वहीं नारनौल में न्यूनतम तापमान 23.5°C दर्ज हुआ।

अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो चंडीगढ़ में 24.7°C, हिसार और करनाल में 25.0°C, गुरुग्राम में 25.0°C, अंबाला में 26.4°C, रोहतक और नूंह में 26.8°C और सिरसा में 27.2°C न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।